ऋषिकेश: होली के दिन दिल्ली से पिकनिक मनाने आए दो युवक गंगा में डूबे, लापता
- मुनिकीरेती पुलिस ने गंगा में दो दिन चलाया रेस्क्यू अभियान, नहीं मिली सफलता
- डूबने वालों में जेएमआई दिल्ली का छात्र और जम्मू-कश्मीर निवासी युवक शामिल
विस्तार
ऋषिकेश में होली के दिन पिकनिक मनाने तीर्थनगरी पहुंचे दो युवक गंगा में डूब गए। जबकि, दो को एक विदेशी नागरिक ने सकुशल बचा लिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और गंगा में रेस्क्यू अभियान चलाया। मगर, सफलता हाथ नहीं लग पाई। वहीं, अपने साथी के गंगा नदी में डूबने के बाद से अन्य साथियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चौकी इंचार्ज तपोवन विनोद कुमार ने बताया कि मंगलवार को होली के दिन दिल्ली से एक युवक मिलन पौडल मूल निवासी नेपाल, हाल जामिया मीलिया इस्लामिया कॉलेज दिल्ली से अपनी सहपाठी के साथ तपोवन नीम बीच पहुंचे।
वहीं, दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर थाना रियासी शिवनगर निकट महादेव मंदिर निवासी कौशिक तुषार पुत्र प्रभुदयाल अपने मित्र साहिल के साथ नीम बीच पहुंचे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे मिलन पौडल नीम बीच के समीप गंगा में बने एक टापू से दूसरे टापू पर जाने की कोशिश करने लगा।
पैर फिसलकर गंगा में डूबे युवक
इसी बीच उसका पैर फिसला और वह गंगा में डूबने लगा। उसे डूबता देख पास बैठे कौशिक तुषार ने उसे बचाने की कोशिश की। मगर, वह भी गंगा में डूबने लगे। दोनों को डूबता देख मिलन पौडल के साथ पहुंची युवती और कौशिक तुषार के साथ आए युवक साहिल कुमार भी उन्हें बचाने के लिए गंगा में उतर गए।
मगर, वह दोनों भी डूबने लगे। तभी दूसरे टापू पर बैठे जर्मनी निवासी क्रिश्चन रोसेनथाल ने गंगा में छलांग लगाकर युवती और साहिल को सकुशल बाहर निकाल लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मंगलवार और बुधवार को गंगा में रेस्क्यू अभियान चलाया। मगर, पुलिस के हाथ सफलता नहीं लग पाई है। चौकी इंचार्ज तपोवन विनोद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को भी गंगा में डूबे युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।
