Delhi BJP Report Card: सरकार ने एक साल में क्या-क्या किया? सीएम रेखा गुप्ता ने रिपोर्ट कार्ड में गिनाए काम
रेखा गुप्ता ने बतौर मुख्यमंत्री एक साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में सभी कैबिनेट मंत्रियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार का एक साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया।
विस्तार
दिल्ली की भाजपा सरकार ने आज अपने एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है, इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने सरकार का एक साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मिलकर सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में, मुख्यमंत्री ने पिछले एक वर्ष में किए गए कार्यों और प्रदेश के विकास के लिए उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, 'आज सरकार को एक साल पूरा हुआ है। शायद इसी समय हम इस सचिवालय में पहुंचे थे। आज की यह रिपोर्ट कार्ड हमारे एक वर्ष के तथ्य है। यह सरकार वादों की नहीं बल्कि काम की सरकार है। हमने एक वर्ष में दिल्ली को ठहराव की ओर ले जाने की कोशिश की है। हमने कागज कम और काम ज्यादा के पैटर्न को फॉलो किया। हमने अपनी पहली कैबिनेट में आयुष्मान योजना पर काम किया था। हमने 10 लाख का हेल्थ कवर दिया। हमने अटल कैंटीन को इस विजन के साथ शुरू किया ताकि कोई भूखा न सोए। दिल्ली में 70 अटल कैंटीन शुरू की गई है।'
सीएम ने बताया, 'पिछली कैबिनेट बैठक में हमने आयुष्मान योजना को लागू किया। इस एक वर्ष में हेल्थ कवर के लिए 7 लाख लोग पंजीकृत हुए और 30,000 से अधिक लोगों ने आयुष्मान और वय वंदना योजना के माध्यम से लाभ प्राप्त किया। आज दिल्ली में 70 अटल कैंटीन संचालित हो रही हैं, जहां 5 रुपये में गरीबों, श्रमिकों और मजदूरों को सम्मानजनक तरीके से भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। झुग्गीवासियों के लिए हमने 700 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है, ताकि झुग्गियों में भी नाली, खड़ंजा, पार्क, शौचालय आदि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।'
#WATCH | Delhi CM Rekha Gupta, along with her cabinet ministers, released the one-year report card of her government as the BJP government completed one year in office today. pic.twitter.com/efVzqmuR4O
— ANI (@ANI) February 20, 2026
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 3 लाख पानी के बिल माफ किए गए हैं, जो नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत है। इसके अलावा, 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर तैयार किए गए हैं, जिनका उद्देश्य बड़े अस्पतालों पर दबाव कम करना है। सरकार का लक्ष्य 1100 ऐसे मंदिरों को स्थापित करना है। हिम्स के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया गया है, और लगभग एक लाख आभा आईडी कार्ड बनाकर उन्हें हिम्स से जोड़ा गया है। दिल्ली में आयुष सोसाइटी का गठन किया गया है। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के लिए 4000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिसमें से 1300 नर्सिंग स्टाफ की भर्ती पूरी हो चुकी है।
सीएम ने बताया कि दिल्ली को एक विश्वस्तरीय शिक्षा केंद्र बनाने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर वाले स्कूलों का निर्माण किया जा रहा है, और हर स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। दिल्ली खेल महाकुंभ में 25 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया, और उन्हें सबसे अधिक प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। नरेला में 1360 करोड़ रुपये खर्च कर जमीन अधिग्रहित की गई है, जहाँ एक 'एजुकेशन सिटी' विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री का मानना है कि दिल्ली का इंफ्रास्ट्रक्चर विश्वस्तरीय होना चाहिए, जो इसे वास्तव में 'दिल्ली' बनाएगा।
सड़कों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है। बरसात से पहले 400 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जबकि 600 किलोमीटर सड़कों के लिए टेंडर आज ही जारी कर दिए जाएंगे। नंदनगरी फ्लाईओवर का उद्घाटन किया गया है, और बारापुला तथा मुकरबा चौक के कार्यों को जल्द ही पूरा किया जाएगा। दिल्ली के ड्रेनेज मास्टर प्लान पर काम करते हुए, 56 हजार करोड़ रुपये के एक व्यापक मास्टर प्लान को तैयार किया गया है।
सीएम ने बताया, दिल्ली में 4000 इलेक्ट्रिक बसें लाई गई हैं, और नई ईवी पॉलिसी के तहत ई-पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर काम चल रहा है। कल सीएम जन सुनवाई पोर्टल लॉन्च करेंगी। 35 लाख पेड़ इस साल लगाएंगे। लाडली योजना के तहत 40 हजार बेटियों के 1 लाख करोड़ डीबीटी करेंगे, 25 हजार को पहले फेज में 90 हजार करोड़ डीबीटी किया।