स्टेनो के पद पर ज्वाइनिंग से सात दिन पहले मौत: आत्महत्या कैसे की जाए? युवक के मोबाइल में मिले इसके कई वीडियो
25 वर्षीय मधुर यादव की संदिग्ध हालत में जलकर मौत हो गई। परिजनों ने पेट्रोल डालकर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है।
विस्तार
गाजियाबाद के मोदीनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की जलकर मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पेट्रोल डालकर आग लगाकर हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि युवक ने आत्महत्या की है। मृतक के मोबाइल से आत्महत्या कैसे की जाए, इसके वीडियो मिले हैं।
मंगलविहार कॉलोनी निवासी जितेंद्र यादव दिल्ली में सिंचाई विभाग में क्लर्क पद पर कार्यरत हैं। उनके बड़े बेटे 25 वर्षीय मधुर यादव का राजस्थान हाईकोर्ट में स्टेनो के पद पर चयन हो गया था। एक सप्ताह के अंदर मधुर यादव को डयूटी ज्वाइन करनी थी। शनिवार रात सात बजे मधुर यादव परिजनों को यह बोलकर घर से निकले कि वह गोविंदपुरी कॉलोनी जा रहे है। परिजनों ने जब नौ बजे कॉल की तो बताया कि वह जल्द घर आ जाएगा। लेकिन थोड़ी देर बाद ही मधुर यादव का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
इसके बाद परिजनों ने युवक की तलाश शुरू कर दी। निवाड़ी मार्ग पर फायर स्टेशन से पीछे से एक युवक आग की लफ्टों से घिरा हुआ सड़क की ओर भागता हुआ आया। आसपास के लोगों ने आग बुझा कर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराकर परिजनों को सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचे तो मधुर ने बताया कि 'अभिषेक' ने पहले मेरी आंख में मिर्च जैसा पाउडर डाला और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अब अभिषेक कौन है, इसकी छानबीन की जा रही है।
हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने मधुर को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। रविवार सुबह उनकी उपचार के दौरान में मौत हो गई। परिजनों ने पेट्रोल डालकर हत्या करने का आरोप लगाया है। एसीपी अमित सक्सेना का कहना है कि जलकर मधुर यादव की मौत की बात सामने आ रही है। युवक के मोबाइल पर कई वीडियो मिले है, जिनकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। प्रथम द्ष्यता मामला आत्महत्या का लगा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
मृतक के मोबाइल में मिला आत्महत्या कैसे की जाए के वीडियो
पुलिस ने बताया कि मधुर यादव के माोबाइल की पड़ताल की तो उसमें आत्महत्या कैसे की जाए, इसके कई वीडियो मिले हैं। बताया कि मधुर 15 दिन से सोशल मीडिया पर आत्महत्या कैसे की जाए, इन वीडियो को सर्च कर रहा था। जहर खाना, आग लगाना, नस काटना, गोली मारना समेत अन्य बातें सर्च कीं, यह सब यू-ट्यूब हिस्ट्री से सामने आया है। इतना ही नहीं एक युवती की चैट भी मिली है। जिसमें वह युवती से शादी करने की बात भी कह रहा था।
