'तेरी बहन ने जान दे दी': जीजा के कॉल पर घर पहुंचा भाई, चारपाई पर मृत पड़ी थी बहन; दंपती की है छह साल की बेटी
रामपुरा गांव में बेरोजगार पति ने पत्नी का चुन्नी से गला घोंटकर कत्ल कर दिया, फिर साले को फोन कर आत्महत्या का झूठा दावा किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मृतका के भाई महेंद्र ने बताया कि 9 मार्च से नौकरी छूटने के बाद सुनील बार-बार मारपीट करता था, छह साल की बेटी नानी के पास थी।
विस्तार
खेड़कीदौला थाना के अंतर्गत रामपुरा गांव में घरेलू झगड़े के चलते शनिवार की रात को पति ने अपनी पत्नी का चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद रविवार की सुबह आरोपी पति मौके से भाग गया और अपने साले को कॉल करके पत्नी द्वारा आत्महत्या करने के बारे में बताया। जब भाई कमरे पर पहुंचा तो विवाहिता चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी थी और गले में चुन्नी भी लिपटी हुई थी।
सूचना मिलने पर खेड़कीदौला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी, सीन ऑफ क्राइम व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों से घटनास्थल का निरीक्षण कराकर साक्ष्य एकत्रित कराए। मृतका के बड़े भाई महेंद्र की शिकायत पर हत्यारोपी पति के खिलाफ हत्या संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मृतका की पहचान कन्नौज (उत्तर प्रदेश) के रूपपुर निवासी रश्मि (26) के रूप में हुई है। दंपती की छह साल की बेटी है, जोकि पिछले एक माह से अपने नाना-नानी के पास रह रही है। मृतका रश्मि के बड़े भाई महेंद्र पुलिस को बताया कि करीब आठ साल पहले उसकी शादी सुनील कुमार के साथ हुई थी। वह पति के साथ गुरुग्राम के रामपुरा गांव में किराये पर रहती थी।
उसका पति गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करता था व फिलहाल उसकी नौकरी छूटी हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले काफी समय से लड़ाई-झगड़ा रहता था। पिछले कई दिनों से रश्मि अपने पति सुनील कुमार को नौकरी के लिए टोकती थी।
महेंद्र ने पुलिस को बताया कि रविवार की सुबह 11.22 बजे उसके जीजा सुनील कुमार की कॉल आई कि तुम्हारी बहन ने चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। महेंद्र जब अपनी पत्नी के साथ रश्मि के कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था व पर्दा लगा था। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो रश्मि मृत अवस्था में चारपाई पर लेटी थी व गले में चुन्नी लिपटी हुई थी। महेंद्र ने घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी।
9 मार्च को नौकरी से हटाया
महेंद्र ने बताया कि उसका जीजा सुनील कुमार सेक्टर-3 स्थित एक निजी कंपनी में उसके साथ ही नौकरी करता था। 9 मार्च को कंपनी प्रबंधन ने सुनील को नौकरी से हटा दिया था। जिसके बाद से वह घर पर ही रहा था। जब उसकी बहन रश्मि अपने पति सुनील को नौकरी के लिए टोकती थी तो वह झगड़ा व मारपीट करने लगता था।
महेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसका जीजा सुनील कुमार पहले भी कई बार रश्मि के साथ मारपीट कर चुका था। महेंद्र ही उनके पास आकर मामले में बीच-बचाव करता था। मारपीट मामले को लेकर पुलिस को पहले कभी शिकायत नहीं थी। ऐसे में सुनील कुमार बार-बार झगड़ा करता था और अब पत्नी रश्मि का चुन्नी से गला घोंटकर हत्त्या कर दी।
जांच अधिकारी एसआई रणजीत ने बताया कि आरोपी पति सुनील कुमार की तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ मृतका के भाई की शिकायत पर हत्या संबंधी धारा में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच में थाने की पुलिस के साथ ही सीआईए टीम भी लगी है। आरोपी सुनील की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारण व समय के बारे में पता चल सकेगा।