कौन हैं हर्ष मल्होत्रा?: केंद्रीय मंत्री और अब प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी; जानें क्यों BJP ने चला यह दांव?
भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं। मल्होत्रा पंजाबी समुदाय से आते हैं और अनुभवी संगठनकर्ता हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। हर्ष मल्होत्रा का नाम पहले से ही संभावित दावेदारों में लिया जा रहा था। पंजाबी समुदाय से आने वाले मल्होत्रा लंबे समय से संगठन और चुनावी राजनीति में सक्रिय रहे हैं। आइए जानते हैं उनका सियासी सफर-
दिल्ली के कोटे से पूर्वी दिल्ली के सांसद हर्ष मल्होत्रा को मोदी मंत्रिमंडल में बतौर राज्य मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनकी बेदाग छवि और समर्पित कार्यकर्ता होने का पारितोषिक मिला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए हैं। बेहतर संगठनकर्ता के रूप में जाने जाते हैं और उनका अनुभव भी काफी लंबा है।
मेयर पद के लिए चुनाव उतारा
लोकसभा चुनाव में भाजपा ने दिल्ली के संसदीय सीट से दो मेयर को चुनाव में उतारा। पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत और पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा शामिल थे। दोनों अपने-अपने संसदीय सीट से लोकसभा पहुंचे। संघ व भाजपा संगठन के कई प्रमुख कार्यक्रमों को सफल बनाने में उनकी भूमिका अब तक अग्रणी मानी जाती रही है।
कही इसलिए तो भाजपा ने चला यह दांव?
चर्चा है कि पार्टी आलाकमान नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए दिल्ली की संगठनात्मक जरूरतों को ध्यान में रखने के साथ-साथ अगले वर्ष प्रस्तावित पंजाब विधानसभा चुनाव को भी प्रमुख आधार बनाने पर विचार कर रही थी। इस कारण प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए ऐसे नेताओं के नामों की सूची बनाई गई, जिनकी सामाजिक और राजनीतिक स्वीकार्यता दिल्ली के साथ-साथ पंजाब की राजनीति में भी भाजपा के लिए लाभकारी साबित हो सके।
एबीवीपी से युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के रूप में राजनीति में रखा कदम
हर्ष के अनुसार राजनीति में उन्होंने एबीवीपी से युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के रूप में शुरुआत की। जिसके बाद वे जिला सचिव भी रहे और 2007 में जिला अध्यक्ष भी रहे। वे दिल्ली भाजपा के कई पदों पर रह चुके हैं। लगातार दूसरी बार प्रदेश महामंत्री का दायित्व भी निभा रहे हैं। हर्ष के अनुसार उनके माता-पिता ने परवरिश ही इस तरह से की है कि समाज सेवा शुरू से ही सीखने को और देखने व समझने को मिली।
हर्ष प्रदेश भाजपा में महासचिव और प्रशिक्षण विभाग के प्रभारी रहे। वे राजनीतिक प्रशिक्षण के लिए अग्रणी संगठन रामभाऊ महालगी प्रभोदेनी-मुंबई द्वारा आयोजित भाजपा प्रशिक्षण शिविरों और प्रशिक्षण सत्रों के लिए मानद प्रशिक्षण संकाय के रूप में काम किया। हर्ष 1984 में भाजपा युवा विंग में शामिल हुए, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष और जिला युवा मोर्चा सचिव के रूप में काम किए।
2005 में जिला महासचिव संगठन के रूप में नियुक्त किया गया और 2007 में भाजपा के जिला अध्यक्ष बने। हर्ष ने 2012 में वेलकम कॉलोनी से दिल्ली नगर निगम का चुनाव लड़ा और भारी अंतर से जीत हासिल की। उन्हें पूर्वी दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया और वे लगातार 3 साल तक अध्यक्ष रहे।
पंजाबी समुदाय से आते हैं हर्ष मल्होत्रा
हर्ष मल्होत्रा के बहाने भाजपा दिल्ली के पंजाबी वर्ग को साधने की कोशिश करेगी। मल्होत्रा का जन्म 24 अप्रैल, 1964 को दिल्ली में हुआ था। 1986 में अपना प्रिंटिंग व्यवसाय शुरू किया, अब वे प्रिंटिंग उद्योगों की अग्रणी इकाई मेसर्स डीप कलर स्कैन (पी) लिमिटेड के निदेशक हैं। तब से वह सामाजिक कार्यों और सामुदायिक सेवा के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
हर्ष दिल्ली प्रिंटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और समय-समय पर विभिन्न अन्य पदों पर रहते हुए प्रिंटर समुदाय के कल्याण के लिए संघर्ष करते रहे हैं। दिल्ली प्रिंटर एसोसिएशन छह हजार से अधिक सदस्यों के साथ प्रिंटरों का सबसे बड़ा संघ है। ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ मास्टर प्रिंटर्स (एआईएफएमपी) के संयुक्त सचिव रहे।