AAP पर भरोसा बरकरार: सांसद संजय सिंह बोले- जालंधर वेस्ट उपचुनाव ने दिया बड़ा संदेश, रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज
वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि जालंधर वेस्ट उपचुनाव ने बड़ा संदेश दिया है कि जो आम आदमी पार्टी को धोखा देगा, उसकी राजनीति खत्म हो जाएगी। कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से जीते शीतल अंगुराल भाजपा में चले गए थे और आज उन्हें करारी हार देखनी पड़ी है।
विस्तार
पंजाब की जनता ने जालंधर वेस्ट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाकर भगवंत मान सरकार के प्रति अपने अटूट विश्वास पर अपनी मुहर लगा दी है। आप के सभी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि हमारे प्रत्याशी मोहिंदर भगत ने 38 हजार मतों से जीत दर्ज की है। इस जीत ने यह संदेश दिया है कि जो आम आदमी पार्टी को धोखा देगा, उसकी राजनीति खत्म हो जाएगी।
सांसद संजय सिंह ने कहा कि आप कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत से शीतल अंगुराल को जिताया था, लेकिन वो धोखा देकर भाजपा में चले गए और अब उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि जालंधर वेस्ट की जीत ने केजरीवाल के काम की राजनीति पर मोहर लगाई है और भाजपा के मुंह पर करारा तमाचा मारा है। इस जीत ने यह भी साबित किया है कि अरविंद केजरीवाल और सरदार भगवंत मान पर पंजाब की जनता का भरोसा कायम है और उनके काम से बेहद खुश है।
अब भाजपा के जुमले नहीं चलने वाले- संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि शुक्रवार को पंजाब के जालंधर बेस्ट उपचुनाव का भी परिणाम आया है। लगभग 38 हजार मतों के अंतर से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मोहिंदर भगत चुनाव जीत गए हैं। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने अपने सभी मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ दिन-रात प्रचार करके चुनाव लड़ा। आम आदमी पार्टी के संगठन की यही खूबसूरती है कि सभी लोग मिलकर अपने लक्ष्य के लिए काम करते हैं।
लोकसभा चुनाव का परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरुप नहीं रहा, लेकिन पंजाब के जालंधर वेस्ट के उपचुनाव ने साबित कर दिया कि राज्य सरकार के प्रति पंजाब के लोगों की पूरी आस्था और विश्वास अटूट है। यह परिणाम इस बात को साबित करता है। संजय सिंह ने कहा कि अगर पूरे देश में इंडिया गठबंधन की बात करें, तो इंडिया गठबंधन के लिए अच्छी खबरें हैं। इंडिया लगभग एकतरफा इस चुनाव में जीत रहा है। इसलिए भाजपा को यह बात समझ लेना चाहिए कि सिर्फ कोरे वादे और झूठे जुमलों से काम चलने वाला नहीं है। भाजपा को किसानों, नौजवानों के लिए कुछ करके दिखाना होगा। अग्निवीर जैसी योजना को खत्म करके पुरानी सेना की भर्ती बहाल करनी होगी।
दूसरी पार्टी में जाने वालों के लिए एक संदेश है- डॉ. संदीप पाठक
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत इस बात का प्रमाण है कि पंजाब की जनता आज भी आम आदमी पार्टी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान के कामों पर भरोसा करती है। यह विशाल बहुमत इस बात का संकेत है कि पंजाब में जो काम भगवंत मान की सरकार कर रही है, उसकी सराहना जनता कर रही है।
जिस तरीके से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल काम की राजनीति को पूरे देश में लेकर जा रहे हैं यह जीत उस काम की राजनीति पर मोहर लगाती है। साथ ही, यह जीत उन लोगों के लिए संदेश है, जो पैसा या पॉवर के लिए आप को छोड़ कर चले गए। जालंधर से आप के निशान पर जो लोग लोकसभा और विधानसभा चुनाव जीते थे, वह भाजपा में चले गए। उन्होंने जनता के मतों का अपमान किया। जो जनता के बहुमत के साथ गद्दारी करता है, जनता उसे कभी माफ नहीं करती। जनता ऐसे व्यक्ति को दोबारा प्यार या आशीर्वाद नहीं देती। जो लोग छोटे से फायदे के लिए एक पार्टी से दूसरी पार्टी में चले जाते हैं, उनसे कहना चाहता हूं कि आप अपना राजनीतिक करियर बर्बाद मत कीजिए।
जमानत मिलने के बाद भी केजरीवाल को जेल से बाहर नहीं आने दिया- डॉ. संदीप पाठक
डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को लेकर हर न्यायालय में स्पष्ट हो चुका है कि दिल्ली में कोई शराब घोटाला नहीं हुआ है। किसी भी मामले में अरविंद केजरीवाल दोषी नहीं हैं। इसके बावजूद उनको जबरदस्ती जेल के अंदर बंद कर रखा है। जमानत मिलने के बाद भी केजरीवाल को जेल से बाहर नहीं आने दिया जा रहा है। आपको क्या लगता है कि आप जबरदस्ती करके अरविंद केजरीवाल को जेल के अंदर रखकर चुनाव जीत लोगे? आपको क्या लगता है कि आप पैसे, पावर और धमकी के दम पर हमारे नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करा लोगे? ऐसा कभी नहीं होगा। इन सभी चीजों को जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। जनता सही समय आने पर जवाब देती है। जालंधर समेत 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव पर इंडिया गठबंधन ने शानदार जीत हासिल की है। उपचुनाव में भाजपा की बुरी हार हुई है। इस उपचुनाव से यह भी साबित हो गया है कि आप गुंडागर्दी, दादागिरी और तानाशाही के दम पर चुनाव नहीं जीत सकते। यह उपचुनाव बीजेपी के मुंह पर जनता के द्वारा करारा तमाचा है।