ग्रेटर नोएडा: बेटियों की पढ़ाई को मिलेगा नया ठिकाना, जमीन की बाधा दूर, बिसरख को मिलेगा पहला कस्तूरबा विद्यालय
जमीन की समस्या दूर होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने मकौड़ा गांव में कक्षा 6 से 12 तक के आवासीय कस्तूरबा विद्यालय के निर्माण के लिए दो एकड़ जमीन का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के बिसरख ब्लॉक में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। जमीन की समस्या दूर होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने मकौड़ा गांव में कक्षा 6 से 12 तक के आवासीय कस्तूरबा विद्यालय के निर्माण के लिए दो एकड़ जमीन का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस विद्यालय से 200 छात्राओं को पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। अब तक दादरी,दनकौर व जेवर के आवासीय विद्यालय में छात्राओं को पढ़ने जाने के लिए मजबूर होना पड़ता था। यह पहला विद्यालय होगा जिसमें 6 से 12वीं तक की छात्राएं रहकर पढ़ाई कर सकेंगी।
अब तक बिसरख ब्लॉक इस सुविधा से वंचित था। छात्राओं को पढ़ाई के लिए दूसरे ब्लॉकों का रुख करना पड़ता था। दूरी और आवागमन की परेशानी के कारण कई छात्राओं की शिक्षा भी प्रभावित होती थी। विद्यालय में छात्राओं के लिए आवासीय सुविधा के साथ आधुनिक कक्षाएं, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, खेल सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
खंड शिक्षा अधिकारी बिसरख चंद्रभूषण ने बताया कि कस्तूरबा विद्यालयों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। आवासीय सुविधा होने से दूर-दराज के क्षेत्रों की बेटियां भी बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। बिसरख ब्लॉक में विद्यालय बनने से आसपास के गांवों की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा। यह विद्यालय बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही छात्राओं के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इन गांव की छात्राओं को मिलेगा लाभ
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय खुलने से पल्ला,बोड़ाकी,दतावली,तिलपता,जैतपुर,घोडी़ बछेडा़,सकीपुर,थापखेड़ा,डाढ़ा,सेक्टर ईटा,जीटा,डेल्टा,बीटा के साथ ही अन्य सेक्टरों में रहने वाली गरीब छात्राओं को पढ़ने का मौैका मिलेगा। हजारों छात्राओं को अब निशुल्क पढ़ने के साथ ही आत्मनिर्भर बनने का भी मौका मिलेगा।
यह मिलेंगी सुविधाएं
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को हाईटेक क्लासरूम में पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। पुस्तकालय, कौशल प्रयोगशाला, खेल का मैदान, कंप्यूटर प्रयोगशाला, विज्ञान प्रयोगशाला आदि सभी सुविधाएं विकसित की जाएगी। छात्राओं की सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मियों की भी तैनाती रहेगी। नई शिक्षा नीति के तहत इन स्कूलों में प्रैक्टिकल, समग्र, एकीकृत, वास्तविक जीवन की स्थितियों पर आधारित पढ़ाई कराई जाती है। पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरे से लैस होगा। अब तक दादरी,जेवर व दनकौर में 250 छात्राओं के लिए व्यवस्था है।
बिसरख ब्लॉक में 200 छात्राओं के लिए विद्यालय बनने जा रहा है। यह पहला विद्यालय होगा,जो छठी से 12वीं तक शुरु होगा। अब तक दादरी,दनकौर व जेवर में छठी से आठवीं तक चल रहे हैं। उनमें भी 12वीं तक छात्रावास तैयार कराया जा रहा है। - राहुल पंवार,बेसिक शिक्षा अधिकारी