रिया पर न आया रहम: एकतरफा प्यार में युवती पर किए 12 वार... घर जाकर लड़की की मां से सिरफिरा बोला- मार डाला उसे
पुलिस को दिए बयान में युवती के पिता ने बताया है कि आरोपी युवक आते-जाते उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। बेटी ने इस बारे में पिता को बताया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है और चाकू बरामद करने का प्रयास कर रही है।

विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में सोमवार सुबह एक युवक ने एकतरफा प्यार में युवती की ताबड़तोड़ चाकू से वारकर हत्या कर दी। आरोपी ने युवती पर 12 से अधिक वार किए। बाद में आरोपी फरार हो गया। स्थानीय लोग युवती को नजदीकी जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की शिनाख्त रिया (20) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही लोकल पुलिस के अलावा क्राइम टीम व एफएसएल मौके पर पहुंच गई। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। बाद में आरोपी आकाश (23) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस को दिए बयान में युवती के पिता ने बताया है कि आरोपी युवक आते-जाते उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। बेटी ने इस बारे में पिता को बताया था। इस पर पिता ने आकाश के नाना-मामा से शिकायत की थी। परिवार ने आकाश को समझाने की बात की थी। अब आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया।
जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि रिया अपने परिवार के साथ सी-ब्लॉक, नंद नगरी में रहती थी। इसके परिवार में पिता मुन्ना, मां पिंकी देवी और एक छोटा भाई रोहन है। मुन्ना दिल्ली नगर निगम में अस्थाई सफाई कर्मचारी है। रिया ने 11वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। फिलहाल वह घर पर ही रहती थी।
सोमवार सुबह रिया के पिता मुन्ना अपनी ड्यूटी पर चले गए। इस बीच मां अपने कामों में लग गई। सुबह करीब 9.50 पर रिया मां से समोसे लेने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इस बीच डी-ब्लॉक के पास आरोपी आकाश ने रिया को घेर लिया। बातचीत करने के बाद आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
घर जाकर रिया की मां को दी हत्या की सूचना
रिया की मां पिंकी देवी ने बताया कि वह घर अपने काम निपटा रही थीं। इस बीच आरोपी आकाश उसके घर पहुंचा और उसने पिंकी को बताया कि उसने रिया को मार दिया है। यह कहकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पिंकी ने पति को सूचना दी और भागी-भागी मौके पर पहुंची। वहां बेटी खून से लथपथ पड़ी थी।
फौरन रिया को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी ने रिया को 12 से अधिक चाकू मारे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। रिया का शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेटी को परेशान कर रहा था आकाश
रिया के पिता मुन्ना ने रोते हुए बताया कि आकाश की नानी-नाना उसके पड़ोस में रहते हैं। आकाश पहले त्रिलोकपुरी में रहता था। अभी पिछले कुछ समय से उसने नंद नगरी में ही रहना शुरू कर दिया था। करीब डेढ़ माह पूर्व रिया ने मुन्ना को बताया था कि आकाश उसे परेशान करता है। यह बात मुन्ना ने उसके नाना-मामा से बताई थी।
मुन्ना ने परिवार से कहा था कि यदि आकाश नहीं माना तो वह पुलिस से उसकी शिकायत करेंगे। इस बात पर परिवार ने पुलिस से शिकायत न करने और आकाश को समझाने की बात की थी। बाद में परिवार ने आकाश को समझाने की जानकारी भी दी थी। अब उसने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।