{"_id":"69262861a2c21cec960fffd3","slug":"weather-report-kashmir-valley-in-the-grip-of-cold-wave-2025-11-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Weather Report: शीतलहर की चपेट में कश्मीर घाटी, पंजाब और हरियाणा में भी बढ़ी ठंड; अब दिल्ली में गिरेगा पारा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Weather Report: शीतलहर की चपेट में कश्मीर घाटी, पंजाब और हरियाणा में भी बढ़ी ठंड; अब दिल्ली में गिरेगा पारा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली/जम्मू/चंडीगढ़
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 26 Nov 2025 03:36 AM IST
सार
दिल्ली में मंगलवार को एक बार फिर से तापमान में कमी देखने को मिली। उत्तर से आ रही हवाओं के कारण तापमान में कमी देखी जा रही है। जो दो से तीन दिन जारी रहेगी।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
जम्मू-कश्मीर लेकर अरुणाचल प्रदेश तक हिमालय की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंडक बढ़ने लगी है। कश्मीर घाटी शीतलहर की चपेट में और ज्यादातर जगहों पर पारा शून्य से नीचे चला गया है। पंजाब और हरियाणा में ज्यादातर स्थानों पर पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना है और कुछ जगहों पर पांच डिग्री से भी नीचे लुढ़क गया है। उत्तरी बंगाल और झारखंड में सर्दी अपना रंग दिखाने लगी है।
Trending Videos
श्रीनगर में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे पारा दर्ज किया गया। इससे पहले की रात न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री रहा था। दक्षिण कश्मीर में शोपियां शहर घाटी में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू संभाग के पहाड़ी जिलों में भी तापमान गिरा है। शाम को गलन भरी ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विज्ञान विभाग श्रीनगर के अनुसार एक दिसंबर तक आसमान साफ व मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
वहीं, अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में भारी बर्फबारी के बाद बुजुर्ग पर्यटकों का एक समूह फंस गया। बर्फबारी से पर्यटकों का वाहन रास्ते में फंस गया था। सैलानियों कड़ी मशक्कत के बाद पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया। सोमवार को पूर्वोत्तर राज्य के तवांग, पश्चिम कामेंग, शि-योमी और ऊपरी सुबनसिरी के कुछ हिस्सों में इस मौसम की पहली बार ताजी बर्फबारी हुई।
ताबो में शून्य से 7 डिग्री नीचे पारा
हिमाचल प्रदेश में सर्दी का सितम शुरू हो गया है। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 7 पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आगामी 27 नवंबर तक मैदानी जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। शिमला में भी पारा 6.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। प्रदेश में आने वाले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। तापमान में भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
फरीदकोट दूसरे दिन भी सबसे ठंडा
पंजाब में फरीदकोट मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, सोमवार को तापमान 4.4 डिग्री था। हरियाणा में 6.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ हिसार सबसे ठंडा रहा। चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, गुरदासपुर में 7 डिग्री, अमृतसर में 7.8 डिग्री, लुधियाना में 7.4 डिग्री और फिरोजपुर में 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के सिरसा में 7.8 डिग्री, गुरुग्राम में 9.8 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दोनों प्रदेशों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में पारा 7.9 डिग्री पर रिकॉर्ड किया गया।
उत्तर बंगाल में दो-तीन डिग्री गिरा पारा...
पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर मंगलवार को न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। दार्जिलिंग 7.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य में सबसे ठंडा रहा। दूसरे पहाड़ी शहर कलिम्पोंग का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, नादिया जिले का कल्याणी पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों में 12.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा।
दिल्ली में दो-तीन दिन गिरेगा तापमान
दिल्ली में मंगलवार को एक बार फिर से तापमान में कमी देखने को मिली। उत्तर से आ रही हवाओं के कारण तापमान में कमी देखी जा रही है। जो दो से तीन दिन जारी रहेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम 25.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 16 नवंबर के बाद यह दूसरा मौका है जब न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जबकि 17 नवंबर को न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
सप्ताह की शुरुआत में सोमवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस आया नगर में रहा। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को सुबह के समय हल्की धुंध छाई रहेगी। मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। हालांकि अभी दो से तीन तक तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री के बीच रहने और अधिकतम तापमान 23-25 डिग्री के बीच रहेगा। 29 नवंबर से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 25-27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।