BBOSE Answer Key 2025: बिहार ओपन बोर्ड कक्षा 10वीं-12वीं की उत्तर कुंजी जारी, इस दिन तक दर्ज कराएं आपत्ति
BBOSE Answer Key 2025: बिहार ओपन बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं की जून व दिसंबर 2025 परीक्षाओं की आंसर-की जारी कर दी है। अभ्यर्थी 9 जनवरी शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। आपत्ति दर्ज करने का तरीका नीचे बताया गया है।
विस्तार
BBOSE 10th, 12th Answer Key 2025: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने बिहार बोर्ड ऑफ ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन (BBOSE) की ओर से आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं की आंसर-की जारी कर दी है। ये परीक्षाएं जून 2025 और दिसंबर 2025 सत्र में आयोजित की गई थीं। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.com पर जाकर उत्तर कुंजी डाउनलोड कर सकते हैं।
बीएसईबी के अनुसार, 10वीं और 12वीं की आंसर-की विषय विशेषज्ञों की टीम द्वारा तैयार की गई है, जिन्हें समिति ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए नियुक्त किया था। मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से आंसर-की को 7 जनवरी से आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।
9 जनवरी तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
जो उम्मीदवार या अन्य संबंधित व्यक्ति जारी की गई आंसर-की में किसी उत्तर से असहमत हैं, वे ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। बोर्ड की ओर से आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा 9 जनवरी 2026 को शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
आपत्तियां केवल आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए निर्धारित लिंक के माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी, जो जून और दिसंबर 2025 की परीक्षाओं के लिए अलग-अलग उपलब्ध हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को वेबसाइट पर दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए तय समय सीमा के भीतर ही आपत्ति दर्ज करनी होगी। निर्धारित तिथि और समय के बाद किसी भी माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
BBOSE 2025 Answer Key: आंसर-की पर आपत्ति कैसे दर्ज करें?
आंसर-की को चुनौती देने के लिए उम्मीदवार नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो कर सकते हैं:
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.com पर जाएं।
- “Objection regarding Answer Key BBOSE (10th/12th) June & December Exam 2025” लिंक पर क्लिक करें।
- संबंधित परीक्षा और विषय का चयन करें।
- आवश्यक उम्मीदवार विवरण दर्ज करें।
- जिस प्रश्न पर आपत्ति है, उसका प्रश्न नंबर चुनें।
- स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार आपत्ति सबमिट करें।
- भविष्य के लिए आवेदन की एक प्रति प्रिंट कर लें।