Bihar Board 10th Result: छात्रों का परिणाम छात्राओं से बेहतर; उत्तीर्ण प्रतिशत में दिया दो फीसदी का फासला
BSEB Bihar Board 10th Result 2026: बिहार बोर्ड विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं। कुल 81.79% विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस बार छात्रों का प्रदर्शन छात्राओं की तुलना में बेहतर रहा। जो भी विद्यार्थी 10वीं की परीक्षा में शामिल हुए थे, वे अब अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
बिहार बोर्ड 10वीं का रिजल्ट यहां देखें...
विस्तार
Bihar Board 10th Result 2026: बिहार बोर्ड कक्षा 10वीं के नतीजे जारी हो चुके हैं। करीब 15 लाख विद्यार्थियों का इंतजार आज समाप्त हो चुका है। सालभर की मेहनत का फल अब विद्यार्थियों के सामने है। मैट्रिक वार्षिक परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 81.79% रहा। इस वर्ष छात्रों का परिणाम छात्राओं की तुलना में बेहतर है। छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत छात्राओं के उत्तीर्ण प्रतिशत से करीब 2 फीसदी अधिक है।
12,35,743 विद्यार्थियों ने पास की परीक्षा
2026 की मैट्रिक वार्षिक परीक्षा में 15,10,928 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें 7,26,057 छात्र और 7,84,871 छात्राएं थीं। कुल 12,35,743 विद्यार्थियों ने मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें कुल उत्तीर्ण छात्रों की संख्या 6,01,390 और कुल उत्तीर्ण छात्राओं की संख्या 6,34,353 है।
परिणाम के आंकड़ों से स्पष्ट है कि भले ही उत्तीर्ण छात्राओं की संख्या छात्रों की संख्या से अधिक हो, लेकिन जब इसे प्रतिशत में बदला जाता है तो यह कम हो जाता है। गणना के अनुसार, छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82.83% है और छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.82% है। स्पष्ट है कि छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत छात्राओं से अधिक है।
- छात्र पास- 82.82% (6,01,390)
- छात्राएं पास- 80.82% (6,34,353)
- कुल पास- 81.79% (12,35,743)
प्रथम श्रेणी में सफल विद्यार्थी 4,43,723, द्वितीय श्रेणी में 4,75,511 और तृतीय श्रेणी में 3,03,103 विद्यार्थी सफल हुए हैं। 2026 में कुल उत्तीर्ण छात्रों की संख्या 6,01,390 और कुल उत्तीर्ण छात्राओं की संख्या 6,34,353 है।
टॉप-10 में भी छात्रों की संख्या अधिक
बिहार बोर्ड की ओर से जारी टॉपर लिस्ट में कुल 139 विद्यार्थियों के नाम शामिल हैं। इसमें 57 छात्राएं और 82 छात्र हैं। हालांकि, टॉप-2 में तीन विद्यार्थी हैं और तीनों छात्राएं हैं। रैंक-3 पर पहले छात्र का नाम है। अगर टॉप-5 की बात करें तो इसमें कुल 13 विद्यार्थियों के नाम शामिल हैं, जिसमें 6 छात्र और 7 छात्राएं हैं।
इस वर्ष पुष्पांजलि कुमारी और सबरीन परवीन ने 492 (98.4%) अंकों के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया है।
उत्तीर्ण प्रतिशत में 0.32% की गिरावट
2026 में मैट्रिक वार्षिक परीक्षा का आयोजन प्रदेश में स्थित कुल 1,699 परीक्षा केंद्रों पर 17 से 25 फरवरी 2026 तक किया गया। रिजल्ट आज 29 मार्च को घोषित कर दिया गया है। इस बार कुल 81.79% बच्चों ने परीक्षा पास की है। 2025 में उत्तीर्ण प्रतिशत 82.11% रहा था, जो इस बार से अधिक है। इस प्रकार कुल उत्तीर्ण प्रतिशत में 0.32% की मामूली गिरावट दर्ज की गई है।