अमिताभ बच्चन को याद आए रामधारी सिंह 'दिनकर' के ये शब्द; बोले- 'राष्ट्रकवि ने मेरी ऑटोग्राफ बुक में लिखा था'
Amitabh Bachchan X Post: बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर खूब सुर्खियां बटोरते हैं। हाल ही में उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' की कुछ लाइनें साझा की हैं। जानिए बिग बी ने क्या कहा?
विस्तार
अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहते हैं और नियमित रूप से ब्लॉग भी लिखते हैं। हालांकि, अधिकांश बार वे अपने एक्स अकाउंट से बहुत छोटे ट्वीट करते हैं। कई बार सिर्फ नंबर लिखकर छोड़ देते हैं। मगर, बीते दिन उन्होंने एक के बाद एक दो पोस्ट शेयर किए। दरअसल, उन्होंने कुछ मोटिवेशनल लाइनें साझा की थीं। बाद में बताया कि यह लाइनें राष्ट्रकवि दिनकर की हैं।
कवि 'दिनकर' ने बिग बी को दिया था ऑटोग्राफ
अमिताभ बच्चन ने अपने एक्स अकाउंट से पोस्ट साझा कर लिखा, 'सफलता उन लोगों को मिलती है जो हिम्मत करते हैं और एक्ट करते हैं'। फिर, तुरंत बाद उन्होंने एक और पोस्ट साझा किया और स्पष्ट किया कि ये लाइनें कवि 'दिनकर' की हैं। बिग बी ने लिखा, 'पिछली पोस्ट (X) में जो कोट था, वह महान राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' का था। उन्होंने यह मेरी ऑटोग्राफ बुक में तब लिखा था, जब मैंने उनसे ऑटोग्राफ मांगा था। यह बात बहुत पुरानी है, जब वे दिल्ली में हमारे घर आए थे'।

यूजर बोले- 'हिंदी में लिखना चाहिए था पोस्ट'
अमिताभ बच्चन के इस पोस्ट पर यूजर्स के कमेंट्स की झड़ी लग गई है। कुछ यूजर्स कह रहे हैं कि बात जब कवि 'दिनकर' की हो रही है, तब आपको पोस्ट हिंदी में लिखकर साझा करना चाहिए था। बता दें कि बिग बी ने यह पोस्ट अंग्रेजी में साझा किया है। वहीं, कुछ यूजर्स लिख रहे हैं, 'तभी हम सोच रहे कि आज आपने इतना लंबा पोस्ट कैसे लिख दिया'।
क्या बिग बी ने समय रैना को दिया है जवाब?
बीते दिनों यूट्यूबर और कॉमेडियन समय रैना अपने शो ‘स्टिल अलाइव’ के दौरान अमिताभ बच्चन को रोस्ट किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में अभिषेक बच्चन की सक्सेस पर भी चुटकी ली थी। समय ने कहा था, 'हॉट सीट पर बैठे हुए उन्हें 'उल्टे सीधे' ख्याल आते थे, वे जोक्स करना चाहते थे, लेकिन क्लीन कैरेक्टर बनाए रखने के लिए खुद को रोक लेते थे। एक मजाक जो वह करना चाहते थे लेकिन नहीं वह यह था कि 'सर, आपने इतना पोलियो का एड किया, फिर भी अपने बेटे को पांव पे क्यों नहीं खड़ा कर पाए सर'। ऐसे में अमिताभ बच्चन ने 'दिनकर' की पंक्तियों के जरिए क्या समय रैना को अप्रत्यक्ष रूप से जवाब दिया है? बता दें इससे पहले बीते साल अमिताभ बच्चन ने अपने बेटे अभिषेक बच्चन की तारीफ करने के लिए भी यह लाइनें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। बिग बी ने लिखा था, 'अभिनय' का मतलब मंच या फिल्म में अभिनय करना नहीं है, बल्कि जीवन में हिम्मत करना और एक्ट करना है। अभिषेक ने हमेशा ऐसा किया है।
