40 Years Of Karma: ‘कर्मा’ के 40 साल पूरे होने पर अनुपम खेर ने शेयर की खास पोस्ट, दिलीप कुमार पर कही ये बात
Anupam Kher: दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने शुक्रवार को अपनी फिल्म ‘कर्मा’ के 40 साल पूरे होने का जश्न मनाया। उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर इमोशनल नोट भी लिखा। जानिए पोस्ट में क्या कुछ रहा खास।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अनुपम खेर ने कर्मा के 40 साल पूरे होने की खुशी में अपने इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट शेयर किया। उन्होंने फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा किए, जहां उन्होंने इस फिल्म को अपने करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट बताया। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।
अनुपम खेर ने शेयर किया अपना अनुभव
अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर लिखा, ‘40 साल पहले ‘कर्मा’ आई थी। क्या जबरदस्त ब्लॉकबस्टर थी। क्या फिल्म थी। क्या यादें हैं। मेरी जिंदगी का कितना बड़ा मोड़ था।’
1986 में रिलीज हुई ‘कर्मा’ को सुभाष घई ने डायरेक्ट किया था। फिल्म में दिलीप कुमार, नूतन, जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, नसीरुद्दीन शाह, श्रीदेवी, पूनम ढिल्लों, सत्यनारायण काइकाल और अनुपम खेर जैसे कई बड़े कलाकार नजर आए थे।
कर्मा ने दिया सबसे बड़ा गिफ्ट
खेर ने आगे बताया कि ‘सारांश’ ने उन्हें एक अच्छे अभिनेता के रूप में पहचान दिलाई, लेकिन ‘कर्मा’ ने उन्हें कमर्शियल स्टार बना दिया। उन्होंने कहा, ‘सारांश ने मुझे एक्टर के तौर पर पहचान दी, लेकिन सुभाष घई साहब की ‘कर्मा’ ने मुझे कमर्शियल स्टार बना दिया। अचानक मैं मेनस्ट्रीम हिंदी सिनेमा की उस बड़ी दुनिया का हिस्सा बन गया और मुझे उसका हर पल पसंद आ रहा था।’
हालांकि, अनुपम खेर के लिए ‘कर्मा’ का सबसे बड़ा तोहफा दिलीप कुमार के साथ काम करने का मौका था। उन्होंने आगे लिखा, ‘सबसे बड़ा गिफ्ट जो ‘कर्मा’ ने मुझे दिया, वो था दिलीप कुमार साहब के साथ काम करने का मौका। उनके साथ स्क्रीन शेयर करना, उन्हें इतने करीब से एक्टिंग करते देखना, उनकी खामोशी, उनके ठहराव और उनकी मौजूदगी से सीखना। वही मेरा असली अवॉर्ड था।’
पूरी टीम को दी बधाई
उन्होंने सुभाष घई को भी धन्यवाद देते हुए कहा, ‘धन्यवाद सुभाष घई साहब, आपने मुझ पर भरोसा किया और मुझे डॉ. डैंग जैसा रोल दिया, जिसने मेरे करियर की दिशा बदल दी।’
आखिर में उन्होंने लिखा, ‘कुछ फिल्में आपको सफलता देती हैं, कुछ यादें देती हैं, लेकिन ‘कर्मा’ ने मुझे दोनों दी हैं… जिंदगी भर के लिए।’ साथ ही उन्होंने पूरी टीम को 40 साल पूरे होने की बधाई देते हुए कहा, ‘कर्मा की पूरी टीम को 40 साल की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, जय हो।’
ये भी पढ़ें- KBC 18: पहले एपिसोड में सनी देओल के साथ शामिल हुआ यह सुपरस्टार; बिग बी के साथ की जमकर मस्ती; देखें वीडियो