अमेरिकी पॉप स्टार रिहाना के किसान आंदोलन को समर्थन देने के बाद से भारत में हलचल मच गई है। किसानों के लिए बोलने पर जहां एक तरफ रिहाना की तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों का कहना कि रिहाना को भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर खूब वायरल हो रही है. इस तस्वीर में एक महिला स्टेडियम में पाकिस्तान का झंडा दिखाते हुए नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह महिला रिहाना हैं।
Fact Check: पाकिस्तानी झंडे के साथ वायरल हुई रिहाना की तस्वीर, क्या इसलिए किसान आंदोलन पर किया था ट्वीट
हालांकि, इस फोटो की जब पड़ताल की गई तो पाया गया कि यह तस्वीर फेक है। वायरल होती इस तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई है। दरअसल, इस तस्वीर में नजर आ रही महिला रिहाना ही हैं, लेकिन असली तस्वीर में वो वेस्टइंडीज का झंडा है। ना कि पाकिस्तान का। लेकिन रिहाना के किसान आंदोलन को समर्थन देने के बाद से सोशल मीडिया पर यह फर्जी तस्वीर जमकर वायरल हो रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान रिहाना ने वेस्टइंडीज का झंडा लिया था। यह तस्वीर क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 के दौरान इंग्लैंड में खींची गई थी जब रिहाना वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका का मैच देखने स्टेडियम पहुंची थीं। वहां वह वेस्टइंडीज़ का समर्थन कर रही थी। बता दें कि ये मैच 1 जुलाई 2019 को इंग्लैंड के चेस्टर ली स्ट्रीट क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। मैच में श्रीलंका ने वेस्टइंडीज़ को हरा दिया था।
तब रिहाना की इस तस्वीर को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया था। इस दौरान वेस्टइंडीज़ क्रिकेट के ट्विटर अकाउंट से रिहाना की कुछ अन्य तस्वीरें भी पोस्ट की गई थीं।
Look who's at #SLvWI to Rally 'round the West Indies!
Watch out for @rihanna's new single, Shut Up And Cover Drive 😉🎶 #CWC19 | #MenInMaroon pic.twitter.com/cou1V0P7Zj
बता दें कि रिहाना भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की मशहूर कैरेबियाई गायिका हैं लेकिन उनका क्रिकेट से भी खास नाता है। उनके वेस्टइंडीज के कई क्रिकेटरों के साथ अच्छे रिश्ते हैं और उन्होंने कैरेबियाई टीम को कई मौकों पर सपोर्ट भी किया है। 32 वर्षीय रिहाना कैरेबियाई क्रिकेटर क्रेग ब्रेथवेट के साथ एक ही स्कूल में थीं तो कार्लोस ब्रेथवेट की क्लासमेट रहीं। 2019 में खेले गए आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के दौरान श्रीलंका के खिलाफ मैच में रिहाना वेस्टइंडीज की टीम का समर्थन करने स्टेडियम भी पहुंची थी। यहां उन्होंने टीम के सभी खिलाड़ियों के साथ वक्त बिताया थे और साथ में तस्वीरें भी भी खिंचवाई थी।