18 के हुए फराह खान के बच्चे; पुरानी यादें साझा कर कोरियोग्राफर ने लिखा नोट, कहा- तुम्हारी मां होना प्रिवलेज है
Farah Khan Kunder Triplets B'day: कोरियोग्राफर और निर्देशक फराह खान के बच्चों का आज जन्मदिन है। उन्होंने पुरानी यादें शेयर कर अपने दिल के टुकड़ों को बधाई दी है।
विस्तार
फराह खान चर्चित कोरियोग्राफर और डायरेक्टर हैं। इसके अलावा इन दिनों वे अपने कुकिंग शो को लेकर भी खूब सुर्खियां बटोरती हैं। अपने काम के साथ-साथ फराह अपनी फैमिली लाइफ पर भी पूरा फोकस करती हैं। वे तीन बच्चों की मां हैं। उन्होंने साल 2008 में तीन बच्चों को जन्म दिया। आज 11 फरवरी को उनके ट्रिपलेट्स 18 साल के हो गए हैं। इस अवसर पर फराह ने एक पोस्ट शेयर किया है।
फराह बोलीं- 'बच्चों के लिए सबसे अच्छी विरासत, खुशनुमा यादे हैं'
फराह खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो कोलाज शेयर किया है। इसमें तीनों बच्चों की बचपन से लेकर अब तक की यादें शामिल हैं। इसके साथ कैप्शन लिखा है, 'और बस ऐसे ही। मेरे बच्चे अब 18 साल के हो गए हैं। सबसे अच्छी विरासत, जो आप अपने बच्चों को दे सकते हैं, वो हैं खुशनुमा यादें। इसके अलावा यह ऐसा सफर है, जहां आप सबसे अच्छी शिक्षा अफोर्ड कर सकते हैं और थोड़ी सी दिक्कतें। तुम्हारी मां होना एक प्रिवलेज है'।
सेलेब्स ने दीं बधाई
फराह खान के इस पोस्ट पर उनके फैंस और इंडस्ट्री की कई चर्चित हस्तियों ने शुभकामनाएं दी हैं। संजय कपूर, सोहा अली खान, रिद्धिमा कपूर, भावना पांडे, नकुल मेहता और शोएब इब्राहिम सहित कई सेलेब्स ने रेड हार्ट और इविल आई इमोजी के साथ रिएक्शन दिए हैं। बता दें कि फराह खान और शिरीष कुंदर ने साल 2004 में शादी रचाई थी। दोनों 'मैं हूं ना' के सेट पर एक-दूसरे के करीब आए थे। फराह ने इस फिल्म का निर्देशन किया था। वहीं, शिरीष एडिटर के तौर पर क्रू का हिस्सा थे।
शाहरुख खान और गौरी ने किया था फराह का कन्यादान
फराह और शिरीश ने दिसंबर 2004 में एक रजिस्टर्ड सेरेमनी में शादी की। इसके बाद साउथ इंडियन तरीके से शादी हुई, जिसमें शाहरुख खान और गौरी ने फराह का कन्यादान किया। कपल ने निकाह भी किया। साल 2008 में कपल माता-पिता बने। फराह खान ने दो बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया।