{"_id":"69c408817243767dcb01cf05","slug":"cm-yogi-says-with-improved-environment-female-workforce-in-up-has-tripled-2026-03-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीएम योगी बोले: बेहतर हुआ माहौल तो यूपी में तीन गुना बढ़ गई महिला श्रमशक्ति; सांसद रवि किशन की ली चुटकी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीएम योगी बोले: बेहतर हुआ माहौल तो यूपी में तीन गुना बढ़ गई महिला श्रमशक्ति; सांसद रवि किशन की ली चुटकी
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
Published by: Akash Dubey
Updated Wed, 25 Mar 2026 09:38 PM IST
विज्ञापन
सार
मुख्यमंत्री योगी बोले, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और अवसर उपलब्ध कराने से कामकाजी महिलाओं की संख्या बढ़ी है। सीएम ने एमएमएमयूटी में गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास व साइबर फॉरेंसिक रिसर्च लैब का लोकार्पण किया।
सीएम योगी ने गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास किया
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए सरकार ने प्रयास किए। बेहतर कानून व्यवस्था से सुरक्षा का माहौल बना तो बीते नौ वर्षों में महिला श्रमशक्ति तीन गुना बढ़ी है। 2017 में कामकाजी महिलाओं की संख्या 12 प्रतिशत थी, जो अब 36 प्रतिशत तक पहुंच गई है। बिना भय के महिला का तेजी से कामकाजी होना समाज में सुरक्षा का एक मानक बना है।
Trending Videos
सीएम योगी बुधवार को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में 144 बेड के गर्ल्स हॉस्टल के भूमि पूजन व शिलान्यास एवं साइबर फॉरेंसिक रिसर्च लैब के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के पहले महिला सुरक्षा एक बड़ी चुनौती थी। अब कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और अवसर उपलब्ध कराने से माहौल बदला है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सीएम योगी ने कहा कि जब समाज में महिला और पुरुष का भेद समाप्त होता है तो सुखद अनुभूति होती है। अभिभावक जब बेटी और बेटे के बीच में भेद करना बंद करेंगे तभी विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ पाएगी। हमें समाज में भेदभाव को हर एक स्तर पर समाप्त करना है लेकिन उसके लिए उसी प्रकार की सुविधा भी देनी पड़ेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक पुस्तिका का भी अनावरण किया।
यूपी में ग्रेड वन के अब 12 फॉरेंसिक साइंस लैब, छह निर्माणाधीन
सीएम ने कहा कि 2017 के पहले यूपी में पुलिस के पास ग्रेड वन के सिर्फ दो फॉरेंसिक साइंस लैब थीं। आज यूपी में ग्रेड वन की 12 फॉरेंसिक साइंस लैब है, जबकि छह निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा सभी 75 जिलों में दो-दो मोबाइल फॉरेंसिक लैब हैं। मैन पावर की पूर्ति के लिए लखनऊ में पुलिस के लिए विश्वस्तरीय फॉरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट स्थापित हो चुका है। वहां फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पाठ्यक्रमों की शुरुआत भी हो चुकी है।
2017 में थे दो साइबर थाने, आज सभी जनपदों में
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में प्रदेश में सिर्फ दो साइबर थाने थे। आज 75 जनपदों में साइबर थाने हैं। प्रदेश के 1681 थानों में एक साइबर हेल्प डेस्क भी है। प्रदेश के साइबर थानों ने साइबर अपराधियों से सैकड़ों करोड़ रुपये बचाने में सफलता प्राप्त की है। साइबर क्राइम से बचने, डीप फेक के मामलों को नियंत्रित करने, डॉक्यूमेंट को सुरक्षा प्रदान करने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।
युवाओं को मार्केट रेडी और इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स में बदलने का हुआ काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के स्केल, इनोवेशन को टेक्नोलॉजी से जोड़कर उसे मार्केट रेडी और इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स में बदलने का काम किया है। यूपी भारत का कंज्यूमर स्टेट ही नहीं बल्कि डेमोग्राफिक डिविडेंड भी है। यहां के युवाओं को स्किल्ड करने के साथ ही इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ा जा रहा है। आज 96 लाख एमएसएमई यूनिट यूपी के अंदर हैं। तीन करोड़ से अधिक लोग एमएसएमई यूनिट में काम कर रहे हैं।
टैलेंट को टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ा तो बनी यूपी की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने यूपी के टैलेंट को टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर और इंडस्ट्री के हब के रूप में स्थापित करने में सफलता प्राप्त की है। आईटी, इलेक्ट्रॉनिक, एआई, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप और डाटा सेंटर से लेकर के एमएसएमई और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के सभी कार्य आज के दिन यूपी में हो रहे हैं। साइबर, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एग्रीटेक, फिनटेक, डीपटेक, हेल्थटेक, टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्र में उत्तर प्रदेश तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार मेडिटेक और एग्रीटेक पर भी कार्य कर रही है।
ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी में कार्य के लिए एमएमएमयूटी का चयन
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी बनाने के लिए दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की कार्ययोजना को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में वह जापान गए थे। जापान के पास ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी की एडवांस टेक्नोलॉजी है। जापान की वह टीम यूपी आ रही है। इस दिशा में कार्य करने के लिए हम लोगों ने एमएमएमयूटी का चयन किया है। हमारे पास अन्नदाता किसान भी हैं जो इथेनॉल से भी एनर्जी दे देंगे और जल से ग्रीन हाइड्रोजन मिल जाएगा। इस दिशा में कार्य हो रहे हैं।
एमपीआईटी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन 15 अप्रैल को, आएंगे टाटा संस के अध्यक्ष
मुख्यमंत्री ने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर गोरखपुर में एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रारंभ किया जा रहा है। महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) उसको आगे बढ़ा रहा है। इसमें एआई लैब, ड्रोन, साइबर क्राइम, स्पेस टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, थ्री डी प्रिंटिंग से जुड़ी वर्ल्ड क्लास लैब बन चुकी हैं। इसका उद्घाटन 15 अप्रैल को प्रस्तावित किया गया है। उद्घाटन अवसर पर टाटा संस के अध्यक्ष को बुलाया गया है। यहां के युवाओं के साथ उनके संवाद का कार्यक्रम भी रखा जा रहा है।
पावर ग्रिड के सीएसआर फंड से बनेगा हॉस्टल
पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 144 बेड के गर्ल्स हॉस्टल के लिए सीएसआर फंड से 13.67 करोड़ रुपये स्वीकृत किया गया है। इस संबंध में अगस्त 2025 में दीक्षांत समारोह के दौरान कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में दोनों संस्थानों के बीच एमओयू हुआ था। अब भूमिपूजन के साथ ही निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। पावर ग्रिड के जनसंपर्क विभाग के मुख्य प्रबंधक नीरज पांडेय ने बताया कि इस भवन को सितंबर 2027 तक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। बुधवार को शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पावर ग्रिड की ओर से निदेशक (प्रचालन) नवीन श्रीवास्तव, कार्यपालक निदेशक, उत्तरी क्षेत्र युगेश कुमार दीक्षित, कार्यपालक निदेशक(सीएसआर) जसबीर सिंह, स्वतंत्र निदेशक, शिव तपस्या पासवान मौजूद रहे।
सीएम ने सांसद रवि किशन की ली चुटकी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने सांसद रवि किशन की चुटकी भी ली। महिला सशक्तीकरण पर बोलने के दौरान उन्होंने कहा कि वह मानते हैं कि जब अगला चुनाव आएगा तो रवि किशन की सीट पर भी कोई महिला दावेदार हो सकती है। इस बात पर हॉल में मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे। इस पर सीएम ने रवि किशन की ओर इशारा करते हुए कहा-देखिए! लोग चाहते हैं कि आपसे छुट्टी मिल जाए।