राजकुमार चौहान हत्याकांड: पार्षद धर्मदेव समेत छह को क्लीनचिट, दो नामजदों की भूमिका संदिग्ध
राजकुमार की पत्नी ने स्थानीय पुलिस पर आरोप लगाते हुए विवेचना दूसरे थाने से कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद जांच गोरखनाथ थाने में स्थानांतरित कर दी गई। वहां नामजद आरोपियों की भूमिका की दोबारा पड़ताल की गई।
विस्तार
चिलुआताल क्षेत्र के चर्चित पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार चौहान हत्याकांड में पार्षद धर्मदेव चौहान समेत छह नामजद आरोपियों को पुलिस ने विवेचना के बाद क्लीनचिट दे दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच में इनके खिलाफ हत्या या साजिश में शामिल होने के ठोस साक्ष्य नहीं मिले। इसके बाद विवेचक ने इनके नाम मुकदमे से निकाल दिए।
राजकुमार की पत्नी ने आठ लोगों को नामजद कराया था लेकिन इनमें से दो की भूमिका ही हत्या में सामने आई। विवेचना के दौरान एक नाबालिग समेत आठ अन्य लोगों के नाम भी प्रकाश में आए। पुलिस सभी दस आरोपियों के खिलाफ पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें नौ आरोपी जेल में हैं।
राजकुमार चौहान की 17 मार्च की सुबह चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा में गोली मारने और चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद उनकी पत्नी ने दीपक गौड़, पार्षद धर्मदेव चौहान, लालजी यादव उर्फ गट्टू यादव, धरमपाल चौहान, अमर सिंह चौधरी, मोनू पांडेय, सत्येंद्र चौधरी उर्फ टिल्लू और अभय पांडेय के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस की जांच में हत्या और साजिश के मामले में नामजद आरोपियों के अलावा आठ अन्य लोगों के नाम सामने आए। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर दिया।
पत्नी की शिकायत पर गोरखनाथ थाने भेजी गई थी जांच
मामले में राजकुमार की पत्नी ने स्थानीय पुलिस पर आरोप लगाते हुए विवेचना दूसरे थाने से कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद जांच गोरखनाथ थाने में स्थानांतरित कर दी गई। वहां नामजद आरोपियों की भूमिका की दोबारा पड़ताल की गई। पुलिस के अनुसार, पार्षद धर्मदेव चौहान समेत छह आरोपितों के खिलाफ हत्या या साजिश में शामिल होने के साक्ष्य नहीं मिले। इसी आधार पर विवेचक ने उनके नाम मुकदमे से निकाल दिए।
ये आठ लोग हुए थे नामजद
दीपक गौड़, धर्मदेव चौहान (पार्षद), लालजी यादव उर्फ गट्टू यादव, धरमपाल चौहान, अमर सिंह चौधरी, मोनू पांडेय, सत्येंद्र चौधरी उर्फ टिल्लू, अभय पांडेय।
हत्या और साजिश में इनकी भूमिका आई सामने
विवेचना के दौरान विपिन यादव, सचिन यादव, राज चौहान उर्फ निरहू, शेषनाथ यादव, अंकित यादव, देवव्रत यादव और मनीष यादव समेत अन्य लोगों के नाम हत्या और साजिश के मामले में सामने आए। पुलिस के मुताबिक, मामले में दस आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और नौ आरोपी जेल में हैं।