पुलिस स्मृति दिवस: कर्तव्य पालन में प्राण न्योछावर करने वाले शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
पुलिस स्मृति दिवस उन पुलिसकर्मियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
विस्तार
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को गोरखपुर में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस लाइंस के परेड ग्राउंड स्थित स्मृति स्मारक पर अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक, गोरखपुर परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, गोरखपुर ने पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को नमन किया।
इस दौरान देश और समाज की सुरक्षा के लिए कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को याद किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रेलवे, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक उत्तरी समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्मृति स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
पुलिस स्मृति दिवस उन पुलिसकर्मियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। यह दिवस पुलिस बल के सदस्यों को सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।