अंबाला। खेल प्रतिभाओं को तराशने और अनुशासन की भावना से एसए जैन सीनियर मॉडल स्कूल में अंतर-स्कूली अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। इस खेल महाकुंभ में क्षेत्र के आठ प्रतिष्ठित स्कूलों की टीमें खिताबी भिड़ंत के लिए मैदान में उतरी हैं। समारोह का औपचारिक उद्घाटन विद्यालय प्रबंधक समिति के गणमान्य सदस्यों द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रधान रजत जैन, उपाध्यक्ष डॉ. विनीत जैन, सचिव हितेश जैन, मैनेजर रितेश जैन, कोषाध्यक्ष सुनील जैन और सलाहकार रविकांत जैन उपस्थित रहे। अतिथियों ने पिच पर शॉट खेलकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल की शुरुआत की।
प्राचार्य डॉ. रेनू गहलावत ने सभी टीमों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार के लिए नहीं, बल्कि टीमवर्क और संयम सीखने का माध्यम है। टूर्नामेंट लीग प्रारूप में आयोजित किया जा रहा है। इससे प्रत्येक टीम को अपनी प्रतिभा दिखाने के पर्याप्त अवसर मिलेंगे। उद्घाटन मैच के दौरान मैदान छोटे क्रिकेटरों के चौकों-छक्कों और दर्शकों के उत्साह से गूंज उठा। स्कूल प्रबंधन ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजनों से भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार होंगे।