अंबाला सिटी। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक में वीरवार को प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस मौके पर संस्थान में डेराबस्सी की प्रतिष्ठित कंपनी एलेंजर्स मेडिकल सिस्टम लिमिटेड के पदाधिकारी मौजूद रहे। ड्राइव के दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल और ऑटोमोबाइल शाखा के अंतिम वर्ष के छात्रों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा दिखाई।
अभियान के दौरान कंपनी के एचआर सचिन शर्मा और प्लांट हेड अमित भाटिया ने विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया। छात्रों ने न केवल पूरे आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दिए, बल्कि अपनी तकनीकी दक्षता का भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। संस्थान की प्रधानाचार्य बेनू बजाज ने कंपनी के अधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने बताया कि संस्थान के लिए यह वर्ष उपलब्धियों भरा रहा है। अब तक विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से 300 से अधिक विद्यार्थियों का चयन हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह सफलता संस्थान में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इस विशेष अवसर पर संस्थान के उप-प्रधानाचार्य एवं ट्रेनिंग व प्लेसमेंट अधिकारी अदीश बिंदल सहित इंद्रजीत ढींडसा, हितेश अग्रवाल, मोहित सैनी और डीईओ पिंकी उपस्थित रहे।