{"_id":"69b22eee2f857352550b50d9","slug":"commercial-cylinder-supply-halted-hotels-and-restaurants-in-trouble-diesel-furnaces-restart-in-haryana-2026-03-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"हरियाणा में एलपीजी संकट की आशंका: कॉमर्शियल सिलेंडर आपूर्ति बंद, होटल-रेस्तरां परेशान; डीजल भट्ठियां फिर चालू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हरियाणा में एलपीजी संकट की आशंका: कॉमर्शियल सिलेंडर आपूर्ति बंद, होटल-रेस्तरां परेशान; डीजल भट्ठियां फिर चालू
अमर उजाला नेटवर्क, हरियाणा
Published by: Naveen
Updated Thu, 12 Mar 2026 08:41 AM IST
विज्ञापन
सार
केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी को प्राथमिकता दी है और उत्पादन बढ़ाने के आदेश दिए हैं। हरियाणा सरकार ने स्थिति पर नजर रखते हुए जिलों से रोजाना रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पैनिक बुकिंग से बचने की अपील की है।
lpg crisis
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
हरियाणा में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह बंद होने से होटल, रेस्तरां, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में संकट गहरा गया है। केंद्र सरकार के निर्देश पर घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के कारण कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई रोकी गई है, जिसका असर पश्चिम एशिया (ईरान-इजराइल-यूएस संघर्ष) में चल रहे युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में व्यवधान से वैश्विक एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने के कारण बढ़ा है।
Trending Videos
सिरसा में घरेलू गैस की ज्यादा कमी नहीं है, लेकिन कॉमर्शियल सिलेंडर बंद होने से होटल, पीजी, फूड कोर्ट और रेस्तरां प्रभावित हैं। मिठाई की दुकानों में साल बाद डीजल से चलने वाली भट्ठियां फिर शुरू हो गई हैं। रेहड़ी-पटरी वालों पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। डीएफएससी हरविंदर सिंह ने बताया कि घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई होगी और कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद में कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद है। रतिया में गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं ने हंगामा किया, जहां बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहे। होटल-रेस्तरां संचालक डीजल भट्ठियों का सहारा ले रहे हैं। ऑनलाइन बुकिंग बंद होने से लोग मैनुअल बुकिंग के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। एडीसी अनुराग ढालिया ने एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की। कालाबाजारी रोकने के लिए निगरानी कमेटियां बनाई जा रही हैं।
चरखी दादरी में केवल घरेलू सिलेंडर उपलब्ध हैं। होटल, ढाबे, हॉस्टल और पीजी में दिक्कतें बढ़ी हैं। लोग इलेक्ट्रिक चूल्हे, हीटर और भट्ठियों का इस्तेमाल बढ़ा रहे हैं। घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग बढ़ने पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने हर खंड में टीमें गठित की हैं, जो 11 मार्च से अभियान चला रही हैं। अभी ब्लैक मार्केटिंग के मामले सामने नहीं आए।
भिवानी में कॉमर्शियल गैस बंद होने से होटल-रेस्तरां में ईंधन संकट हो गया है। भिवानी शहर में करीब 550 होटल-रेस्तरां प्रभावित। कुछ बड़े होटलों में डीजल भट्ठियां लगाई गई हैं। कालाबाजारी की आशंका में गैस एजेंसियों पर स्टॉक की निगरानी बढ़ाई गई है।
हिसार में सभी 34 गैस एजेंसियों में कॉमर्शियल सिलेंडर बुकिंग बंद। दो दिन से साइट समस्या के कारण घरेलू सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग भी प्रभावित। लोग एजेंसियों पर जाकर मैनुअल बुकिंग करा रहे हैं। होटल-ढाबे घरेलू सिलेंडर इस्तेमाल कर रहे हैं। डीएफएससी ने एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर आपूर्ति सुचारु रखने और कालाबाजारी पर नजर रखने के निर्देश दिए। कालाबाजारी शुरू हो चुकी है, सिलेंडर पहले 1000-1100 रुपये में मिलता था, अब 1400-1500 रुपये में।
केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी को प्राथमिकता दी है और उत्पादन बढ़ाने के आदेश दिए हैं। हरियाणा सरकार ने स्थिति पर नजर रखते हुए जिलों से रोजाना रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पैनिक बुकिंग से बचने की अपील की है। हालांकि, व्यावसायिक क्षेत्र में संकट बरकरार है और कई जगह डीजल/इलेक्ट्रिक विकल्प अपनाए जा रहे हैं। स्थिति सामान्य होने तक निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।