हिसार। गांव मीरकां में शुक्रवार को संदिग्ध हालात में पांच मोरों की मौत हो गई। वन्यप्राणी विभाग की टीम ने दो मोरों के अवशेष व तीन के शव बरामद किए हैं। मौत की वजह क्या रही इसका पता लगाने के लिए वन्य प्राणी विभाग की टीम जांच कर रही है। वन्यजीव निरीक्षक दिनेश जांगड़ा ने बताया कि शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने डायल 112 समेत वन्यजीव विभाग को सूचित किया कि गांव में कुछ मोर मृत पड़े हैं।
विभागीय कर्मचारी रामप्रकाश और किशन मौके पर पहुंचे तब तक दो माेरों के शव कुत्ते खा चुके थे। उनके पंख समेत अन्य अवशेष मौके पर मिले। टीम ने तीनों मोरों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया। निरीक्षक दिनेश जांगड़ा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के खेतों में हाल ही कीटनाशक का छिड़काव किया गया था। ऐसे में जहर के असर से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वन्यजीव प्रेमी अनिल भांभू, विजय मंडा, कुलदीप गोदारा, सूखी, जयदेव ने मोरों की मौत की जांच की मांग की है।