हिसार। विद्युत नगर निवासी योगेश कोहली ने गुरुग्राम में आयोजित एमटी-400 सीनियर टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगल और डबल्स दोनों वर्गों में विजेता खिताब अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपनी वर्ल्ड रैंकिंग में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। प्रतियोगिता के समापन पर गुरुग्राम की सीटीएम सपना यादव ने योगेश कोहली को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
सीनियर टेनिस में 100, 200, 400 और 700 एमटी स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं, जिनमें खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी विश्व रैंकिंग तय होती है। योगेश कोहली ने बताया कि उनकी अब तक की सर्वश्रेष्ठ वर्ल्ड रैंकिंग 67 रही है। इस प्रतियोगिता में मिली जीत के बाद लगभग एक सप्ताह के भीतर नई वर्ल्ड रैंकिंग जारी होगी, जिसके बाद सीनियर टेनिस खिलाड़ी के रूप में उनकी वैश्विक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य साल में एक बार होने वाली एमटी-700 प्रतियोगिता जीतकर भी सीनियर टेनिस में देश का नाम रोशन करना है। योगेश कोहली ने बताया कि वे पूरी लगन और समर्पण के साथ टेनिस में जुटे हुए हैं। कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के साथ-साथ फिटनेस इस खेल का अहम हिस्सा है, इसलिए वे अभ्यास के साथ अपनी फिटनेस पर भी विशेष ध्यान देते हैं।