जींद। डॉ. बीआर अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी की ओर से शुक्रवार को गुरु रविदास धर्मशाला में शहीद ऊधम सिंह के 87वें शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसाइटी के प्रधान राजेश पहलवान ने की। सदस्यों ने शहीद ऊधम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। सोसाइटी के पूर्व महासचिव दलबीर आल्याहन ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह महान स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी थे। उन्होंने कहा कि जालियांवाला बाग हत्याकांड के दोषियों को उनके किए की सजा दिलाने के लिए ऊधम सिंह ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना अदम्य साहस का परिचय दिया। उनका बलिदान और देशभक्ति आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और त्याग को हमेशा याद रखा जाना चाहिए तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। इस अवसर पर सोसाइटी के उपप्रधान महेंद्र पाल बीबियान, सतपाल पातलान, धर्मपाल सिंहमार, सतीश काजल, राजपाल फौजी, एडवोकेट सुनील बामणिया, बलवंत सिंहमार (एमसी), नवीन सरोहा, वजीर कटारिया मौजूद रहे।