कैथल। शहीद यादगार समिति, जिला कैथल की ओर से शुक्रवार को सेक्टर-19 स्थित कम्युनिटी हॉल में शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस एवं साहित्य सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती के उपलक्ष्य में एक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता समिति के जिला प्रधान ओमप्रकाश भाल, किसान नेता जसवीर सिंह, दलित अधिकार मंच कैथल के संयोजक सत्यवान और हरियाणा ज्ञान-विज्ञान समिति के जिला सचिव रामफल मलिक ने की। सेमिनार में विभिन्न सामाजिक संगठनों के करीब 60 सदस्यों ने भाग लिया। मुख्य वक्ता हरियाणा ज्ञान-विज्ञान समिति के जिला अध्यक्ष अमृतलाल ने शहीद ऊधम सिंह के जीवन और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला इंग्लैंड जाकर लिया और अपना नाम राम मोहम्मद सिंह आजाद रखकर सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सदैव याद रखा जाएगा। मुंशी प्रेमचंद के साहित्य पर रिटायर्ड प्रिंसिपल शमशेर कैंदल, डॉ. विकास आनंद, जयप्रकाश और ओमप्रकाश सोलरा ने संयुक्त रूप से अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि प्रेमचंद का साहित्य आज भी सामाजिक कुरीतियों, असमानता और सांप्रदायिकता के खिलाफ प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि प्रेमचंद ने 14 उपन्यास और 300 से अधिक कहानियां लिखीं। उनकी प्रसिद्ध कृति सोजे वतन ने देशभक्ति की भावना को मजबूत किया, जिसे अंग्रेजी शासन ने प्रतिबंधित कर दिया था।

सेमिनार में भाग लेते समिति सदस्य। विज्ञप्ति