{"_id":"6982f281284db8163a00cf6c","slug":"gangsters-unleash-terror-in-karnal-firing-at-beauty-parlor-and-house-2026-02-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"करनाल में बदमाशों का आतंक: ब्यूटी पार्लर व मकान पर फायरिंग, विदेश में रह रहे युवक के घर को बनाया निशाना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
करनाल में बदमाशों का आतंक: ब्यूटी पार्लर व मकान पर फायरिंग, विदेश में रह रहे युवक के घर को बनाया निशाना
माई सिटी रिपोर्टर, करनाल (हरियाणा)
Published by: नवीन दलाल
Updated Wed, 04 Feb 2026 12:47 PM IST
विज्ञापन
सार
परिवार और ग्रामीणों का कहना है कि बलकार या उसके परिवार की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है। न ही अब तक किसी ने फिरौती की मांग की है। ऐसे में अचानक हुई फायरिंग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह धमकी थी, डराने की कोशिश थी, या किसी बड़े साजिश का हिस्सा हो सकता है।
ब्यूटी पार्लर और मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
देररात फुसगढ़ गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक ब्यूटी पार्लर और उससे सटे मकान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। सन्नाटे को चीरती गोलियों की आवाज सुनकर पूरा इलाका दहशत में आ गया। लोग नींद से जागकर अपने घरों से बाहर निकल आए, कई घरों की बत्तियां जल गईं और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। बदमाश करीब चार से पांच राउंड फायरिंग कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस वारदात में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन परिवार और पड़ोसी बुरी तरह सहमे हुए हैं।
Trending Videos
पहले पार्लर पर निशाना, फिर घर पर बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, यह हमला बलकार लाठर के मकान पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाश सीधे ब्यूटी पार्लर के सामने रुके जो मकान के निचले हिस्से में किराये पर दिया गया है और बिना कोई चेतावनी दिए फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने पार्लर से सटे घर की दीवारों की ओर भी गोलियां दागीं। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। महिलाओं और बच्चों में खासा डर देखा गया। गांव में देर रात तक लोग सहमे रहे और कई परिवार बाहर तक नहीं निकले।
विज्ञापन
विज्ञापन
जिस मकान पर हमला हुआ, वह बलकार लाठर का है, जो करीब तीन साल पहले डंकी रूट से अमेरिका गया था। बताया जा रहा है कि उसने विदेश जाने के लिए 40 से 50 लाख रुपये खर्च किए थे और फिलहाल वहां ड्राइवर का काम करता है। वारदात के वक्त घर में उसकी मां राजपती और पत्नी सीमा मौजूद थीं। नीचे की दुकान पहले से ही ब्यूटी पार्लर के रूप में किराये पर दी गई है। हमले के बाद घर के भीतर मौजूद महिलाएं बुरी तरह डर गईं और काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकल पाईं।
न रंजिश, न फिरौती, फिर क्यों चलीं गोलियां?
परिवार और ग्रामीणों का कहना है कि बलकार या उसके परिवार की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है। न ही अब तक किसी ने फिरौती की मांग की है। ऐसे में अचानक हुई फायरिंग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह धमकी थी, डराने की कोशिश थी, या किसी बड़े साजिश का हिस्सा? फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
गांव में पहली बार ऐसी वारदात, लोगों में गुस्सा और भय
फुसगढ़ के लोगों का कहना है कि उनके इलाके में पहले कभी इस तरह की गोलीबारी नहीं हुई। यह घटना गांव के लिए एक बड़ा झटका है। बुजुर्गों ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसी वारदात नहीं देखी। बच्चे अभी भी डरे हुए हैं और महिलाएं रात के समय घर से बाहर निकलने में सहम रही हैं। कई ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस जांच तेज, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां से खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। जांच अधिकारी विनोद ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों तक पहुंचने के लिए टीमें बनाई गई हैं और हर संभव सुराग पर काम किया जा रहा है।
सुरक्षा पर उठे सवाल, ग्रामीणों की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में पुलिस गश्त बढ़ाने और रात के समय सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि रात में पुलिस इलाके में गश्त नहीं करती इसी के परिणामस्वरूप यह घटना हुई है।
