संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। प्राचीन श्री शीतला माता मंदिर में चैत्र माह में लगने वाले मेले की तैयारी शुरू हो गई है। मंदिर में सोमवार से तीन दिवसीय मेला शुरू होगा। 400 साल पुराने इस मंदिर में चैत्र माह के प्रत्येक बुधवार को मेला लगता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में मत्था टेकर कर मन्नत मांगते हैं।
मंदिर के महंत थानेश्वर दास ने बताया कि मेला व गर्मी के मद्देनजर मंदिर परिसर में बिजली व्यवस्था व पंखे ठीक कराए जा रहे हैं। दीवारों की रंगाई-पुताई का कार्य किया जा रहा है। मेले में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सुरक्षा भी मांगी गई है।
मंदिर में प्रत्येक बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इस कारण यहां व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग लिया जाएगा। मंदिर कमेटी की ओर से पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया के नाम पत्र भेजा गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में टाइल लगाई गई है। साफ-सफाई का कार्य जारी है।