{"_id":"69b06697e61843db90015dc4","slug":"enquiry-against-thrown-medicine-sirsa-news-c-128-1-svns1027-154486-2026-03-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sirsa News: स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जांच के आदेश, टीम ने ओढ़ां सीएचसी में खंगाला रिकॉर्ड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sirsa News: स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जांच के आदेश, टीम ने ओढ़ां सीएचसी में खंगाला रिकॉर्ड
संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
Updated Wed, 11 Mar 2026 12:14 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos
- शाम तक खंगाला रिकॉर्ड, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जारी किए पत्र
फोटो - 64
ओढ़ां। गांव ओढ़ां में नेशनल हाईवे नंबर 9 के किनारे ओढ़ां माइनर के निकट मिलीं सरकारी दवाओं का मामला मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री तक पहुंच गया। स्वास्थ्य मंत्री तक मामला पहुंचने के बाद ओढ़ां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की वितरित की गईं दवाओं को लेकर जांच टीम बैठा दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
मीडिया के माध्यम से जब स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को फेंकी गईं सरकारी दवाओं संबंधी जानकारी मिली तो उन्होंने सीएमओ सिरसा को जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री के आदेश के बाद सीएमओ कार्यालय से विशेष टीम जांच करने के लिए मंगलवार को ओढ़ां सामुदायिक केंद्र पहुंची।
इस टीम में डिप्टी सीएमओ डॉ. संदीप कुमार, ओएफआईसी मैनेजर डॉ. अंकुर व डीईओ चिराग शामिल हैं। मंगलवार को टीम जांच के लिए ओढ़ां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंची। इससे पहले टीम ने उस जगह का निरीक्षण भी किया, जहां ये दवाइयां मिली थीं।
टीम करीब 11 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंची। देर शाम तक स्टॉक रजिस्टर व अन्य रिकॉर्ड खंगालती रही। विभाग ने दवाइयों पर अंकित बैच नंबर के आधार पर देसुमलकाना, पन्नीवाला मोटा, खंड शिक्षा अधिकारी ओढ़ां व डबवाली तथा आरबीसी को पत्र जारी कर जवाब मांगा है कि जो उक्त दवाइयां उन्हें ओढ़ां स्वास्थ्य केंद्र से भेजी गई थीं। उनका कहां-कहां वितरण हुआ।
टीम जहां ये दवाइयां गईं उन स्वास्थ्य केंद्रों व बीईओ कार्यालय का दवाइयों से संबंधित लेखा-जोखा खंगाल रही है। विभाग के मुताबिक, मौके से 34 डिब्बे यानी 5100 आयरन फोलिक एसिड की गोलियां बरामद हुई हैं। इन गोलियों पर 4 अप्रैल 2025 की एक्सपायरी डेट अंकित है।
दोषियों पर कार्रवाई हो : ग्रामीण
लोगों का कहना है कि इस मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर ये दवाइयां समय पर वितरित की जातीं तो ये एक्सपायर न होतीं। सामने आया है कि दवाइयां ओढ़ां सीएचसी केंद्र से जुलाई 2023 में आगे उपस्वास्थ्य केंद्रों, बीईओ कार्यालय व आरबीएस को भेजी गई थीं। इन गोलियों को विद्यार्थियों में वितरित किया जाना था, लेकिन इनका समय पर वितरण न कर इन्हें ऐसे ही रख दिया। बाद में एक्सपायर होने पर खुले में फेंक दिया गया।
यहां हुआ वितरण
आयरन फोलिक एसिड की इस बैच की गोलियां जुलाई 2023 में ओढ़ां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आई थीं। उन्हें पीएचसी केंद्रों, आरबीसी टीम व शिक्षा विभाग के बीईओ कार्यालय ओढ़ां व डबवाली के लिए भेजा गया था। ताकि इन्हें विद्यार्थियों व अन्य बच्चों में वितरित किया जा सके। स्वास्थ्य केंद्र से 18 जुलाई 2023 को 600 व 31 अक्तूबर 2023 को 1500 गोलियां आरबीएस टीम को दी गईं। 13 जुलाई 2023 को 80 हजार गोलियां उपस्वास्थ्य केंद्र पन्नीवाला मोटा, 1 लाख 24 हजार गोलियां उपस्वास्थ्य केंद्र देसुमलकाना को, 90 हजार गोलियां ओढ़ां, 1 लाख 44 हजार गोलियां बीईओ कार्यालय ओढ़ां तथा 90 हजार गोलियां बीईओ कार्यालय डबवाली को भेजी गई थीं। जांच टीम यह पता लगा रही है कि जिन-जिन को ये गोलियां भेजी गई थीं उन्होंने इन गोलियों का कितना और कहां-कहां वितरण किया। यह भी जांच की जा रही है कि ये गोलियां खुले में किसने फेंकी है।
कोट्स
सिविल सर्जन के आदेशानुसार टीम जांच के लिए आई थी। जिन जगहों पर ये दवाइयां भेजी गई थीं उनका रिकॉर्ड देखा जा रहा है। बीईओ ओढ़ां व डबवाली के अलावा पीएचसी पन्नीवाला मोटा व देसुमलकाना तथा आरबीएस टीम को पत्र जारी कर जवाब मांगा गया है। दवाइयों को खुले में फेंकना अवैध है। मामले की जांच चल रही है।
- डॉ. सुमित जैन, एसएमओ (सीएचसी ओढ़ां)