Kangra: डिलीवरी हब से 2,024 पार्सल गायब, इंचार्ज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, जानें पूरा मामला
पुलिस थाना लंबागांव के अंतर्गत आलमपुर स्थित एक निजी डिलीवरी कंपनी के हब से 2,024 पार्सल गायब होने का बड़ा मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने हब इंचार्ज के खिलाफ गबन की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पुलिस थाना लंबागांव के अंतर्गत आलमपुर स्थित एक निजी डिलीवरी कंपनी के हब से 2,024 पार्सल गायब होने का बड़ा मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने हब इंचार्ज के खिलाफ गबन की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गायब पार्सलों की कुल कीमत 6,36,085 रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी पर कंपनी के 28,136 रुपये की नकदी जमा न करवाने और उसे अपने पास रखने का भी आरोप है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी को 24 अप्रैल 2026 को आलमपुर हब में बतौर इंचार्ज नियुक्त किया गया था।
उसकी जिम्मेदारी बिलासपुर से आने वाले वाहनों से पार्सल अनलोड करवाने, उनकी छंटनी करने, प्रदेश के करीब 35 लास्ट माइल हब तक उन्हें सुरक्षित भेजने और रिकॉर्ड बनाए रखने की थी। हालांकि, विभिन्न हब से पार्सल कम मिलने की लगातार शिकायतें आने के बावजूद आरोपी ने न तो कोई आंतरिक जांच कराई और न ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मामला संदिग्ध लगने पर कंपनी की फ्रॉड प्रिवेंशन एंड इन्वेस्टिगेशन टीम ने 21 जुलाई को आलमपुर हब में औचक निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि आरोपी की तैनाती के बाद से 2,024 पार्सल गंतव्य तक पहुंचे ही नहीं। इसके साथ ही उसने कंपनी की 28,136 रुपये की नकदी भी जमा करने से मना कर दिया। उधर, एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना लंबागांव में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस गायब पार्सलों और नकदी की बरामदगी के साथ अन्य साक्ष्य जुटाने में जुटी है।