Himachal Tourists: क्रिसमस मनाने पहुंचे लाखों सैलानी, पर्यटन स्थल पैक, एक ही दिन आए 7865 पर्यटक वाहन
हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। वहीं, होटल भी पर्यटकों से फुल हो चुके हैं। इसी बीच ट्रैफिक भी काफी बढ़ गया है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
क्रिसमस मनाने लाखों सैलानी हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर पहुंचे हैं। शिमला, कुल्लू-मनाली, कसौली-चायल, धर्मशाला-मैक्लोडगंज, डलहौजी और खज्जियार सहित अन्य पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। बड़ी संख्या में सैलानियों के हिमाचल पहुंचने से ट्रैफिक जाम की समस्या गहरा गई है। व्हाइट क्रिसमस की मुराद पुरी न होने से सैलानियों में मायूसी भी है। नए साल के जश्न तक प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार रहेंगे। होटलों में ऑक्यूपैंसी 80 से 90 फीसदी पहुंच गई है।
वीरवार को 7865 पर्यटक वाहनों में करीब 70,000 पर्यटक शिमला पहुंचे। शुक्रवार को भी करीब 4077 वाहन शिमला में दाखिल हुए थे। कुल्लू-मनाली में पिछले 24 घंटे में 5,000 वाहन पहुंचे हैं जिनमें 50,000 सैलानियों के पहुंचने का अनुमान है। सनवारा टोल प्लाजा पर पिछले 11 घंटों के भीतर 14,425 वाहनों ने आवाजाही की है। धर्मशाला-मैक्लोड़गंज और डलहौजी-खज्जियार की ओर से हजारों सैलानियों ने आवाजाही की है।
शहरों की भीड़भाड़ से दूर बड़ी संख्या में सैलानी किन्नौर और लाहौल-स्पीति का भी रुख कर रहे हैं। व्हाइट क्रिसमस मनाने के लिए वीरवार को शिकुंला दर्रा, ग्रांफू और रोहतांग पास में भी सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी। यहां पर्यटकों ने बर्फ में मस्ती कर क्रिसमस को यादगार बनाया। मैदानी इलाकों में धुंध व कोहरे से परेशानी पर्यटकों ने पहाड़ी इलाकों का रुख किया है। वीरवार को देर रात तक सैलानियों ने डीजे की धुनों पर नाच-गाकर क्रिसमस मनाई।
क्रिसमस मनाने लाखों टूरिस्ट पहुंचे हिमाचल: गजेंद्र
फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र चंद ठाकुर ने बताया कि क्रिसमस मनाने लाखों टूरिस्ट हिमाचल पहुंचे हैं। बर्फ का लुत्फ उठाने के लिए टूरिस्ट शिकुंला, ग्रांफू और रोहतांग का रुख कर रहे हैं। न्यू ईयर सेलिब्रेशन तक प्रदेश टूरिस्टों से गुलजार रहने वाला है।