हिमाचल: कमरे में फंदे से लटका मिला 16 वर्षीय छात्र का शव, DAV आलमपुर का था छात्र; स्कूल को बंद करने की मांग
सुजानपुर के पटलांदर में 16 वर्षीय छात्र का शव फंदे से मिला। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है। घटना के बाद डीएवी आलमपुर स्कूल के बाहर प्रदर्शन शुरू हो गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बार-बार बेटे को पुकार रही है, जबकि पिता सदमे में हैं। जिस घर में बेटे को सेना की वर्दी में देखने के सपने सजाए गए थे, वहां अब उसकी यादें और मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है। पूरे इलाके में इस घटना से शोक की लहर है। वर्ष 2007 में शादी के बाद पिता बंटी ने निजी क्षेत्र की नौकरी और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए दूसरे बच्चे के बारे में नहीं सोचा। उनका मानना था कि वे अपने इकलौते बेटे का बेहतर भविष्य बनाएंगे। परिवार के लोग बताते हैं कि बंटी का सपना था कि उनका बेटा सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करे। बंटी का एक भतीजा पहले से सेना में है और उसी की तरह बेटे को भी फौज की वर्दी में देखने की तमन्ना थी। पिता और पुत्र के बीच गहरा लगाव था। रोज सुबह-शाम सैर के दौरान दोनों घंटों बातें करते थे। बेटे के भविष्य, पढ़ाई और सपनों को लेकर पिता हमेशा चिंतित रहते थे। किसी ने नहीं सोचा था कि जिस बेटे के साथ कल तक भविष्य की योजनाएं बन रही थीं, वह इस तरह अचानक सबको छोड़ जाएगा।
बच्चे के व्यवहार में बदलाव पर अलर्ट रहने की जरूरत : डॉ. संदीप
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के मनोचिकित्सक डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि बच्चे एकदम से इस तरह के कदम जल्द नहीं उठाते हैं। कोई न कोई तनाव जरूर होगा। बच्चे के व्यवहार में यदि बदलाव दिखे तो अलर्ट रहने की जरूरत है। अध्यापक और अभिभावक इसमें अहम भूमिका निभाते हैं। बच्चे से बात करनी चाहिए। यदि बच्चा स्कूल में एडजस्ट नहीं हो रहा हो, तो उसे अन्य स्कूल का रुख करना चाहिए।
छात्र की आत्महत्या के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल में प्रदर्शन, प्रिंसिपल हिरासत में
आलमपुर स्थित एक निजी स्कूल के 11वीं कक्षा के छात्र अनि (16) के आत्महत्या करने के बाद मंगलवार को परिजनों, ग्रामीणों और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्र के शव की जेब से मिले सुसाइड नोट में स्कूल स्टाफ पर प्रताड़ना के आरोप सामने आने के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी स्कूल परिसर में एकत्र हो गए। आक्रोशित भीड़ ने करीब तीन घंटे तक प्रधानाचार्य और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। स्थिति को बिगड़ता देख लंबागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल प्रिंसिपल को हिरासत में लेकर सुजानपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। मूल रूप से कांगड़ा के भलूंदर गांव का रहने वाला अनि अपने माता-पिता के साथ सुजानपुर के पटलांदर में किराये के कमरे में रहता था, जहां सोमवार रात उसने फंदा लगाकर जान दे दी।
रात करीब 1 बजे जब उसकी मां अनीता की आंख खुली, तो बेटे को फंदे पर लटकता देख उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर जुटे पड़ोसियों ने तुरंत डॉक्टर और पुलिस को सूचित किया, लेकिन तब तक छात्र की मौत हो चुकी थी। पुलिस को मृतक की पैंट की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें छात्र ने लिखा है कि वह स्कूल प्रबंधन और अध्यापकों द्वारा डंडे से पीटने और परेशान करने के कारण यह आत्मघाती कदम उठा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है, जिसके बाद भलूंदर श्मशानघाट में नम आंखों से छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया। रोजाना रात 12 बजे तक पढ़ाई करने वाले अनि के पिता बंटी पटलांदर में सेल्समैन हैं और माता बुटीक चलाती हैं। इस दुखद घटना के बाद ग्रामीणों का हुजूम लंबागांव के साथ सुजानपुर थाने में भी डटा रहा।
उधर, डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि स्कूल प्रिंसीपल को सुजानपुर पुलिस थाना के सुपुर्द कर दिया है। मामले में अभी स्कूल में अन्य किसी स्टाफ को हिरासत में नहीं लिया है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की गहन जांच की जानी चाहिए। अब तक की पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट हूं, लेकिन यह पूरी तरह से स्पष्ट होना चाहिए कि मेरे बच्चे को इस कदम के लिए मजबूर करने वाले और बेरहमी से मारने वाले वो अध्यापक कौन हैं। -बंटी, मृतक छात्र अनि के पिता पटलांदर में किराये के कमरे में फंदे से लटके 16 वर्षीय छात्र के मामले में पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। -बलवीर सिंह, एसपी, हमीरपुर