कोटखाई में जिला स्तरीय महासू मेला सांस्कृतिक रंग में सराबोर नजर आया
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई में जिला स्तरीय महासू मेला (जात) सांस्कृतिक रंग में सराबोर नजर आया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक ठोडा खेल ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्थानीय संस्कृति और लोक परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिली। मेले में नाटियों का दौर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया। वंशिका आजाद, कनिका आजाद, संजय शर्मा, परस आजाद, चमन कौशल, पोलू रांटा, राकेश शर्मा, दिक्षिता ब्राक्टा, राहुल, संदीप सैंडी, अक्षय शर्मा, निशा गंधव और अजय चौहान सहित कई कलाकारों ने मंच पर शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। ठोडा दल क्लासी (बलसन) और ठोडा दल केंथला (नारकंडा) के कलाकारों ने पारंपरिक ठोडा नृत्य और तीर-कमान के रोमांचक प्रदर्शन ने खूब रंग जमाया। हालांकि, सुबह के समय हुई हल्की बारिश ने मेले की रौनक को कुछ समय के लिए प्रभावित किया, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ होते ही एक बार फिर मेले में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने मेले का भरपूर आनंद लिया। कोटखाई के एसडीएम अभिषेक बरवाल ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एकतरफा ट्रैफिक सिस्टम लागू किया गया है। कोकूनाला प्रेम नगर मार्ग से वाहनों की आवाजाही महासू की ओर की जा रही है, जबकि वापसी के लिए बखोल-हुल्ली मार्ग निर्धारित किया गया है।

ठोडा दल कोटखाई के मशहूर महासू मेले में प्रस्तुति देते हुए

ठोडा दल कोटखाई के मशहूर महासू मेले में प्रस्तुति देते हुए