Pulwama: पुलवामा में तूफान का कहर, ट्रस गिरने से एक की मौत, चार घायल; कई घरों को नुकसान
पुलवामा के लस्सीपोरा में तेज तूफान के कारण निर्माणाधीन ढांचा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। तूफान से कई घरों की छतें क्षतिग्रस्त हुईं और प्रशासन ने नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की है।
विस्तार
पुलवामा जिले के लस्सीपोरा इलाके में वीरवार देर शाम को आए तूफान के कारण एक निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज यूनिट का ढांचा (ट्रस) गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। कई घरों की छतें क्षतिग्रस्त भी हुई हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि तेज हवा के कारण निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज यूनिट ढह गया जिससे पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रूहमा, रफियाबाद के सज्जाद अहमद मीर के रूप में हुई है। घायलों की पहचान अमृतसर के जसप्रीत सिंह, बडगाम के एजाज कुमार, हिलाल अहमद राथर तथा बारामुला के नसीर अहमद मीर के रूप में हुई है।
वहीं, पांपोर कस्बे में तूफान के कारण कई घरों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़क किनारे खड़े कई वाहनों के शीशे भी टूट गए। उपायुक्त कार्यालय में राजस्व विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हमने एक टीम गठित की है जो नुकसान का जायजा लेगी। बहुत जल्द तूफान से प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा।
आज से 19 अप्रैल के बीच पश्चिमी विक्षोभ का कश्मीर में देखने को मिलेगा असर
लगातार तल्ख हो रहे मौसम ने वीरवार को करवट ली। दिनभर की तेज धूप के बाद शाम को तेज आंधी चली। देर शाम हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को कश्मीर और जम्मू संभाग के कुछ स्थानों पर शाम के समय बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवा (40-50 किमी प्रति घंटा) और ओलावृष्टि भी हो सकती है। वीरवार को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है। कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 6.6 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। पहलगाम में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रहा जो सामान्य है। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.6 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है।मौसम विभाग के अनुसार 17-19 अप्रैल को आम तौर पर बादल छाए रहेंगे। दोपहर के बाद या शाम के समय कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 20-24 अप्रैल को आम तौर पर मौसम सूखा रहेगा।
