Jharkhand Polls: हेमंत सोरेन का बड़ा हमला, 'चुनाव से पहले झूठे वादे कर जनता को गुमराह कर रहे भाजपा के नेता'
झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनेताओं की तरफ से वार-पलटवार भी किए जा रहे हैं। इस कड़ी में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया है कि वे चुनाव से पहले झूठे वादे कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
विस्तार
चांडिल में चुनावी रैली को किया संबोधित
मुख्यमंत्री सोरेन ने चांडिल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, विपक्षी नेता झूठे वादों के साथ चुनावों में लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उनसे सावधान रहें क्योंकि वे झारखंड के खनिज संसाधनों पर नज़र गड़ाए हुए हैं। उन्होंने झामुमो की ईचागढ़ उम्मीदवार सबिता महतो के लिए वोट मांगने के लिए रैली में भी हिस्सा लिया, जिन्होंने दिन में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।
ईचागढ़ विधानसभा से झामुमो उम्मीदवार आदरणीय श्रीमती सबिता महतो जी के नामांकन सभा में शामिल हुआ। आदरणीय सबिता जी को प्रचंड जीत की अग्रिम शुभकामनाएं और जोहार।
अभी हमारे विपक्ष के लोग, अलग-अलग कोने से, कोई पूर्व से, कोई पश्चिम से आएंगे और इन्हें कमजोर समझ कर गिद्ध की तरह टूट… pic.twitter.com/SVwRlrW5tf— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) October 22, 2024
ईचागढ़ उम्मीदवार को लेकर सीएम का दावा
इस मौके पर सीएम सोरेन ने कहा कि सबिता महतो चुनाव में अकेली नहीं हैं क्योंकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पूरी ताकत विधानसभा चुनावों में उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए उनके साथ है। सीएम ने दावा किया कि झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार ने भाजपा की तरफ से रची गई साजिशों के बावजूद अपना कार्यकाल पूरा किया।
'आपको लुभाने के लिए झारखंड आए हैं भाजपा नेता'
उन्होंने कहा, उन्होंने मुझे दो साल तक परेशान किया। जब वे अपने मिशन में सफल नहीं हुए, तो उन्होंने मुझे जेल में डाल दिया। लेकिन, झूठे आरोप लंबे समय तक नहीं टिकते। इसलिए, मैं आपके सामने हूं। सीएम सोरेन ने दावा किया कि लगभग दो दर्जन केंद्रीय मंत्री और कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मतदाताओं को लुभाने के लिए झारखंड में डेरा जमाए हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य में कल्याणकारी योजनाओं की को लेकर दावा किया कि उनकी सरकार ने गरीब लोगों के उत्थान के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, मैंने पहले ही वादा किया है कि अगर हम सत्ता में आए तो अगले पांच सालों के दौरान हर घर में एक लाख रुपये पहुंचाएंगे। हम मैय्या सम्मान योजना के तहत 1,000 रुपये दे रहे हैं, जिसे दिसंबर से बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रति माह कर दिया जाएगा।
झारखंड की पेंशन योजना को लेकर कांग्रेस का दावा
कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि झारखंड में जेएमएम के साथ मिलकर सरकार की पेंशन योजना भारत के सामाजिक सुरक्षा ढांचे में एक महत्वपूर्ण क्षण है और यह अपने खजाने से 28 लाख से अधिक व्यक्तियों को पेंशन प्रदान करती है, यह आंकड़ा केंद्र सरकार के योगदान से समर्थित लोगों की तुलना में काफी अधिक है।
भारत को आगे की राह दिखा रहा है झारखंड- रमेश
कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि झारखंड भारत को आगे की राह दिखा रहा है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस सरकार की पेंशन योजना भारत के सामाजिक सुरक्षा ढांचे में एक महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि पेंशन योजना की कुछ प्रमुख विशेषताओं में पूर्ण सार्वभौमिक कवरेज शामिल है, जो पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले किसी भी व्यक्ति को लाभ प्राप्त करने की अनुमति देता है। उन्होंने कहा कि इसमें दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के लिए सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन के लिए योग्यता आयु को 60 वर्ष से घटाकर 50 वर्ष करना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इसमें पात्रता के लिए सरल मानदंड भी हैं, जिसमें केवल आयकर दाता और सरकारी कर्मचारी ही शामिल नहीं हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X