Jharkhand: गैर-दलीय निकाय चुनाव पर घमासान, मेयर प्रत्याशी घोषणा पर BJP ने निर्वाचन आयोग का खटखटाया दरवाजा
झारखंड में नगर निकाय चुनाव गैर-दलीय कराने के सरकारी फैसले के बीच झामुमो द्वारा पार्टी लेटर पैड पर मेयर प्रत्याशी की घोषणा किए जाने से सियासी विवाद खड़ा हो गया है। मामले को लेकर भाजपा ने राज्य निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
झारखंड में नगर निकाय चुनाव गैर-दलीय आधार पर कराए जाने के राज्य सरकार के निर्णय के बावजूद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा पार्टी के लेटर पैड पर मेयर प्रत्याशी के नाम की घोषणा किए जाने से सियासी विवाद गहरा गया है। इस मामले को गंभीर बताते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य निर्वाचन आयोग का दरवाज़ा खटखटाया है।
मंगलवार को भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन आयोग को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि झामुमो ने चुनावी नियमों और आदर्श चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन किया है। भाजपा ने इस पूरे प्रकरण में संबंधित पार्टी पदाधिकारी और घोषित उम्मीदवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
उम्मीदवार की घोषणा करना स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन
भाजपा के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 27 जनवरी 2026 को स्थानीय निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी की जा चुकी है। इसके बावजूद झामुमो के देवघर जिला अध्यक्ष द्वारा 20 जनवरी 2026 को पार्टी के लेटर पैड पर देवघर नगर निगम के लिए मेयर पद के उम्मीदवार के रूप में रवि कुमार राउत के नाम की घोषणा की गई।
भाजपा का कहना है कि जब राज्य सरकार स्वयं यह स्पष्ट कर चुकी है कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं कराए जाएंगे, तब किसी राजनीतिक दल द्वारा अपने पार्टी चिन्ह और लेटर पैड का उपयोग कर उम्मीदवार की घोषणा करना स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है।
ये भी पढ़ें- Bihar Budget 2026: बिहार सरकार ने पेश किया 3.47 लाख करोड़ का बजट, एक करोड़ नौकरी; किसानों-कलाकारों को अलग मदद
उच्च न्यायालय के समक्ष दिए गए आश्वासन की अवहेलना भी है ये
भाजपा ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि राज्य सरकार ने शपथ पत्र के माध्यम से माननीय उच्च न्यायालय को यह भरोसा दिलाया था कि नगर निकाय चुनाव गैर-दलीय होंगे। ऐसे में झामुमो की यह कार्रवाई न केवल आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है, बल्कि उच्च न्यायालय के समक्ष दिए गए आश्वासन की अवहेलना भी है।
भाजपा ने राज्य निर्वाचन आयोग से मांग की है कि झामुमो के देवघर जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा और मेयर पद के घोषित उम्मीदवार रवि कुमार राउत के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया जाए। साथ ही दोनों को नगर निकाय चुनाव के परिणाम घोषित होने तक झारखंड राज्य से बाहर रखने का आदेश भी जारी किया जाए।
