UP Police: कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती में अब कोई पद खाली नहीं, अफवाहों पर UPPRPB का स्पष्टीकरण
यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कंप्यूटर ऑपरेटर 2023 भर्ती को लेकर चल रही अफवाहों पर स्पष्टीकरण दिया है। बोर्ड ने बताया है कि इस भर्ती के तहत कोई भी पद खाली नहीं है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे भर्ती से जुड़ी किसी भी तरह की अप्रमाणित या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें।
विस्तार
UP Police Computer Operator Result 2026: उत्तर प्रदेश भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए/प्रोग्रामर ग्रेड-2 भर्ती 2023 को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 930 पदों का अंतिम चयन परिणाम 7 फरवरी 2026 को घोषित कर दिया गया है और अब इस विज्ञापन से संबंधित कोई भी रिक्ति शेष नहीं है।
बोर्ड ने यह भी बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया से अलग 199 अतिरिक्त पद भी उपलब्ध कराए गए थे, जिन्हें अन्य 1153 पदों के साथ जोड़कर कुल 1352 पदों के लिए नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए विज्ञापन संख्या PRPB-B (Computer Operator Grade-A)-21/2025 पहले ही 16 दिसंबर 2025 को जारी किया जा चुका है और अभ्यर्थियों से आवेदन भी प्राप्त हो चुके हैं।
नई भर्ती के तहत कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-A पदों के लिए लिखित परीक्षा अक्टूबर/नवंबर 2026 में आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए/प्रोग्रामर ग्रेड-2 भर्ती-2023 के अंतर्गत विज्ञापित 930 पदों का अंतिम चयन परिणाम 07-02-2026 को घोषित किया जा चुका है तथा इस विज्ञाप्ति से सम्बन्धित कोई भी रिक्ति चयन हेतु भर्ती बोर्ड के पास नहीं है।
उक्त…— Uttar Pradesh Police Recruitment & Promotion Board (@upprpb) April 2, 2026
अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे भर्ती से जुड़ी किसी भी तरह की अप्रमाणित या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि गलत या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भर्ती बोर्ड ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें और नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या गलत सूचना से बचा जा सके।