UPPSC APS 2023: 331 पदों के लिए एक भी योग्य अभ्यर्थी नहीं मिला, यूपीपीएससी ने रद्द की अपर निजी सचिव की भर्ती
UPPSC APS Exam 2023 Cancelled: यूपीपीएससी ने अपर निजी सचिव 2023 की 331 पदों वाली भर्ती निरस्त कर दी है। आयोग के अनुसार दूसरे चरण की परीक्षा में कोई भी अभ्यर्थी हिंदी आशुलेखन में निर्धारित 80 शब्द प्रति मिनट की त्रुटिरहित गति हासिल नहीं कर सका, इसलिए किसी को तीसरे चरण के लिए सफल घोषित नहीं किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UPPSC APS 2023 Recruitment Cancelled: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने अपर निजी सचिव परीक्षा 2023 को लेकर बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने 331 रिक्त पदों पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है।
आयोग द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार दूसरे चरण की परीक्षा में कोई भी अभ्यर्थी निर्धारित मानकों को पूरा नहीं कर सका, जिसके चलते किसी उम्मीदवार को तीसरे चरण की परीक्षा के लिए सफल घोषित नहीं किया गया। यह विज्ञप्ति 2 जून 2026 को प्रयागराज स्थित लोक सेवा आयोग कार्यालय से जारी की गई।
पहले चरण में 5889 अभ्यर्थी हुए थे सफल
आयोग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक विज्ञापन संख्या ए-5/ई-1/2023 के तहत अपर निजी सचिव परीक्षा 2023 आयोजित की गई थी। कुल 331 रिक्तियों के लिए 7 जनवरी 2024 को प्रथम चरण की परीक्षा आयोजित हुई थी।
इस परीक्षा का परिणाम 4 मार्च 2024 को घोषित किया गया था, जिसमें कुल 5889 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण की परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था।
इसके बाद दूसरे चरण की परीक्षा 28 जून 2024 से 18 जुलाई 2024 तक लखनऊ में दो पालियों में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 4240 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
हिंदी आशुलेखन में तय गति पूरी नहीं कर सके अभ्यर्थी
आयोग की विज्ञप्ति के अनुसार दूसरे चरण की परीक्षा में हिंदी आशुलेखन और हिंदी टंकण विषय शामिल थे। हिंदी आशुलेखन परीक्षा 75 अंकों की और हिंदी टंकण परीक्षा 25 अंकों की थी।
नियमों और विज्ञापन की शर्तों के अनुसार हिंदी आशुलेखन में न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट की त्रुटिरहित गति हासिल करना अनिवार्य था।
आयोग ने बताया कि दूसरे चरण की परीक्षा में कोई भी अभ्यर्थी निर्धारित मानक के अनुसार 80 शब्द प्रति मिनट की शुद्ध गति हासिल नहीं कर पाया। इसी कारण किसी भी उम्मीदवार को तीसरे चरण की परीक्षा के लिए सफल घोषित नहीं किया गया।
आयोग ने सभी 331 पद किए निरस्त
यूपीपीएससी ने स्पष्ट किया कि जब कोई भी अभ्यर्थी दूसरे चरण में सफल नहीं हुआ, तो आयोग ने अपर निजी सचिव परीक्षा 2023 के तहत सभी 331 रिक्त पदों को अग्रेणित (निरस्त) कर दिया है।
आयोग ने यह भी कहा है कि संबंधित अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और अन्य जानकारी जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।