Walls Holi Stain Cleaning Tips: नई पेंट वाली दीवार पर पड़ गया होली का रंग? घबराइए मत! ऐसे छुड़ाएं दाग
How To Remove Permanent Holi Colour: नई पेंट वाली दीवार पर होली का रंग लग जाए तो परेशान न हों। सही समय पर, सही तरीके से और बिना घबराहट के सफाई करें, ज्यादातर दाग हट सकते हैं। और अगर थोड़ा निशान रह भी जाए, तो वह होली की यादों का रंगीन हिस्सा समझिए!
विस्तार
How To Clean Holi Colour From Walls: होली की पिचकारी से उड़ता रंग बच्चों के चेहरों के साथ-साथ घर की दीवारों पर भी अपनी कलाकारी छोड़ जाता है। खासकर अगर अभी-अभी घर में नया पेंट हुआ हो, तो रंग के छींटे देखकर दिल बैठ जाता है। लेकिन क्या सच में दीवार से होली का रंग साफ किया जा सकता है? जवाब है हां, ज्यादातर मामलों में संभव है, बशर्ते सही तरीका अपनाया जाए। आइए जानें कि होली का पक्का रंग अगर दीवार पर लग जाए तो उसे हटाना कैसे है ताकि आपकी दीवार फिर से पहले जैसी दिखे।
दीवार पर रंग जमता कैसे है?
होली के रंग दो तरह के होते हैं,
-
ड्राई गुलाल (पाउडर)
-
गीले या केमिकल बेस्ड रंग
गीले रंग में मौजूद डाई और पिगमेंट दीवार के पेंट की ऊपरी परत में घुस सकते हैं। अगर पेंट वॉशेबल इमल्शन है तो साफ करना आसान है, लेकिन अगर मैट फिनिश है तो दाग हटाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।
पहला नियम: जितनी जल्दी सफाई, उतना बेहतर रिजल्ट
रंग सूखने से पहले साफ करें। सूखा रंग ज्यादा गहराई तक सेट हो जाता है।
तरीका 1: हल्का गुनगुना पानी और माइक्रोफाइबर कपड़ा
- एक साफ माइक्रोफाइबर कपड़ा लें।
- हल्के गुनगुने पानी में भिगोएं।
- दीवार को धीरे-धीरे थपथपा कर साफ करें।
- ध्यान रखें कि जोर से रगड़ना नहीं है वरना पेंट उतर सकता है।
तरीका 2: माइल्ड डिश सोप सॉल्यूशन
अगर पानी से दाग न जाए तो,
- एक बाल्टी में गुनगुना पानी लें।
- उसमें कुछ बूंदें माइल्ड लिक्विड डिश सोप मिलाएं।
- स्पंज से हल्के हाथों से साफ करें।
- बाद में साफ पानी से पोंछ लें।
- यह तरीका खासकर वॉशेबल पेंट पर असरदार होता है।
तरीका 3: बेकिंग सोडा पेस्ट
- हल्के दाग के लिए बेकिंग सोडा और थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बनाएं।
- दाग पर हल्का लगाएंं।
- 5-7 मिनट बाद गीले कपड़े से साफ करें।
- पहले किसी कोने में पैच टेस्ट जरूर करें।
तरीका 4: व्हाइट विनेगर
- इसका उपयोग सावधानी से करें। एक भाग सिरका में 3 भाग पानी मिलाएं।
- स्पंज से हल्का साफ करें।
- ज्यादा इस्तेमाल से पेंट की चमक कम हो सकती है।
ये गलतियां बिल्कुल न करें
- हार्ड ब्रश या स्क्रबर का उपयोग
- ब्लीच या तेज केमिकल
- सैंडपेपर से रगड़ना
- बार-बार गीला करना
अगर दाग फिर भी न जाए तो?
- छोटे दाग पर टच-अप पेंट करें।
- बहुत ज्यादा दाग हो तो प्रोफेशनल पेंट सर्विस लें।
- अगली बार होली से पहले दीवारों पर प्लास्टिक शीट या कवर लगा सकते हैं।