Live
करवा चौथ: गोरखपुर में विधि-विधान से व्रत पूजा कर रहीं महिलाएं, 7:57 बजे दिखेगा चांद, इंतजार शुरू
Khaas Baatein: Karwa Chauth Moonrise Time in Gorakhpur Live Updates: करवा चौथ पर पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए सुहागिनें विधि-विधान से व्रत पूजा कर रहीं हैं। गोरखपुर में 7:57 बजे चांद दिखेगा।
लाइव अपडेट
करवा चौथ पर सजी सुहागिनें, सामूहिक पूजा कर की पति की लंबी उम्र की कामना
अखंड सौभाग्य के प्रतीक करवा चौथ पर्व पर बृहस्पतिवार को शहर में उल्लास देखने को मिला। बैंक रोड स्थित एक घर में सुहागिन महिलाओं ने एक साथ बैठकर सामूहिक रूप से करवा माता की पूजा की और कथा सुनी। दिन भर निर्जला व्रत रखने के बाद महिलाएं सोलह श्रृंगार कर पूजा में शामिल हुईं।
करवा चौथ पर गोपाल मंदिर में महिलाओं ने की व्रत पूजा
चांद का इंतजार शुरू
करवा चौथ कर रहीं महिलाओं ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सज-धज कर तैयार महिलाएं चांद के निकलने का इंतजार कर रही हैं। गोरखपुर में चांद के दिखने का समय 7:57 मिनट है। हालांकि, बादलों के कारण चांद दिखने का इंतजार लंबा हो सकता है। दोपहर में हुई बारिश ने मौसम सुहाना बना दिया है।करवा चौथ की कहानी
करवा चौथ की पौराणिक कथा, पूजा-विधि और आज रात चांद के निकलने का समय क्या रहेगा?
मेहंदी लगवाने के लिए भीड़
दुकानदारों के अनुसार, इस बार महिलाएं केवल जरूरत का सामान नहीं खरीद रही हैं। वे अपनी पसंद और कपड़ों से मेल खाते डिजाइन पर अधिक ध्यान दे रही हैं। यह नया रुझान बाजारों में अधिक ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है। सामान्य दिनों की अपेक्षा खरीदारी में तेजी आई है।
करवा चौथ पर चांदी के करवा और गिफ्ट आइटम्स की हुई खरीदारी
करवा चौथ को लेकर शहर के सर्राफा बाजार में दिन से लेकर रात तक रौनक देखने को मिली। कपड़ा बाजार के साथ-साथ ज्वेलरी शोरूम में भी महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही। इस बार बाजार में सबसे ज्यादा डिमांड चांदी के करवे की रही। सोने-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव के बावजूद महिलाएं ट्रेंड के हिसाब से चांदी का करवा खरीदना पसंद कर रही हैं।
ज्वेलरी शोरूम के मैनेजर ने बताया कि करवा चौथ पर इस बार चांदी के करवे की खूब डिमांड है। 15 हजार से स्टार्टिंग होने की वजह से लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही कई ऐसे लोग भी बाजार पहुंचे जो करवा चौथ के मौके पर अपनी पत्नियों को देने के लिए चांदी के गिफ्ट आइटम्स खरीद रहे हैं।
ऐसे करें करवा चौथ का पूजन
व्रती महिलाएं सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें और भगवान गणेश, शिव, माता पार्वती व करवा माता का स्मरण कर व्रत का संकल्प लें। परंपरा के अनुसार, सूर्योदय से पहले सरगी ग्रहण करने के बाद निर्जला व्रत शुरू किया जाता है।शाम को पूजा स्थल पर चौकी रखकर लाल या पीला वस्त्र बिछाएं। उस पर भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश जी की प्रतिमा या चित्र स्थापित करें। पूजन में रोली, अक्षत, पुष्प, धूप-दीप, फल, मिठाई, सुहाग सामग्री और जल से भरा करवा रखें। विधि-विधान से पूजन कर पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना करें।
रात में चंद्रमा निकलने पर अर्घ्य दें और छलनी से पति का दर्शन करें। इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण करें।
करवा चौथ की कथा सुनेंगी महिलाएं
महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद शाम को भगवान शिव-पार्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय की पूजा करेंगी। इसके बाद करवा चौथ की कथा सुनेंगी। रात में चंद्रमा के दर्शन कर चलनी से पति का चेहरा देखेंगी और जल, दूध, रोली व चावल से चंद्रमा को अर्घ्य देंगी। इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत खोलेंगी। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक व्रत और पूजन करने से दांपत्य जीवन में सुख, सौभाग्य और समृद्धि आती है।
करवा चौथ: गोरखपुर में विधि-विधान से व्रत पूजा कर रहीं महिलाएं, 7:57 बजे दिखेगा चांद, इंतजार शुरू
करवा चौथ पर गोरखपुर में आज चांद रात 7:57 बजे दिखाई देगा। पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए सुहागिनें निर्जला व्रत रख रही हैं। व्रत का पारण चंद्रमा के दर्शन और अर्घ्य देने के बाद किया जाएगा। इस बार करवा चौथ पर भद्रा का साया नहीं है।
गोरखनाथ मंदिर संस्कृत विद्यापीठ के वेद विभागाध्यक्ष डॉ. रंगनाथ त्रिपाठी ने बताया कि कार्तिक कृष्ण चतुर्थी तिथि रात 2:11 बजे तक रहेगी। आज वक्रतुंड संकष्टी गणेश चतुर्थी का व्रत भी रखा जा रहा है।