Live
MP Assembly Session Live: विधानसभा बजट सत्र का छठा दिन आज, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस का प्रदर्शन
MP Vidhan Sabha Budget Session Live: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग पर आपका स्वागत है। आज मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन अनुपूरक बजट पर मतदान और जनहित के मुद्दों पर तीखी बहस के आसार हैं। कांग्रेस-भाजपा के टकराव का मामला सदन में गूंज सकता है। सत्र से जुड़े हर एक बड़े अपडेट के लिए बने रहिए हमारे साथ।
लाइव अपडेट
MP News: बांछड़ा समाज की समस्याओं का मुद्दे पर हुए सवाल-जवाब
मध्य प्रदेश विधानसभा में नीमच जिले के बांछड़ा समाज की समस्याओं का मुद्दा उठाया गया।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने प्रश्न किया कि बांछड़ा समाज को किस जाति का दर्जा प्राप्त है और इस समाज की महिलाओं को शासन की किन-किन योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि यह प्रश्न महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित है। सदस्य द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि बांछड़ा समाज की महिलाओं को लाड़ली बहन योजना का लाभ मिल रहा है। बच्चों की शिक्षा के लिए अनुसूचित जाति विभाग द्वारा छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं और उन्हें छात्रवृत्ति भी दी जा रही है।
विधायक ने कहा कि बांछड़ा जाति के बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं या नहीं, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने जवाब में बताया कि नीमच जिले में जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए 433 आवेदन आए थे, जिनमें से 347 प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। वहीं मंदसौर जिले में 107 में से 93 जाति प्रमाण पत्र बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि विधायक के पास ऐसे आवेदन हैं, जिनमें जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं हुए हैं, तो वे उपलब्ध कराएं। शासन स्तर पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।
MP News: बीपीएल कार्ड अनिवार्य करने का मामला उठा
मध्य प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में बीपीएल कार्ड अनिवार्य करने का मामला उठा। कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने सवाल उठाते हुए कहा कि इस संशोधन के कारण बसंत पंचमी पर ग्वालियर संभाग में एक भी शादी नहीं हो सकी।
इस पर मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने जवाब देते हुए कहा कि पहले इस योजना को लेकर कई शिकायतें आ रही थीं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना में भ्रष्टाचार की शिकायतें की थीं। इसी कारण गरीबी रेखा का बिंदु लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि इस संशोधन के बाद प्रदेश में 13 हजार 642 विवाह संपन्न हुए हैं।
कांग्रेस विधायक विवेक पटेल ने मांग की कि कन्यादान योजना में गरीबी की बाध्यता समाप्त की जाए।
मंत्री ने कहा कि इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और विधायकगण की मंशा से उन्हें अवगत कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पहले ऐसी गड़बड़ियां सामने आई थीं, जिनमें दोबारा शादी और दोबारा निकाह होने की शिकायतें मिल रही थीं। सतीश सिकरवार ने पुनः मांग दोहराते हुए कहा कि गरीबी रेखा का बंधन समाप्त किया जाए।
MP: प्रश्नकाल के दौरान महिदपुर के कन्या छात्रावास का मुद्दा उठा
मध्य प्रदेश विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान महिदपुर के शासकीय कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में दिसंबर माह में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का मामला उठाया गया। विधायक दिनेश जैन ने सवाल किया कि छात्रावास में धुआं कहां से आया था।इस पर अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में 1936 छात्रावास संचालित हैं और सभी स्थानों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस विषय की बात की जा रही है, उससे संबंधित प्रश्न प्राप्त नहीं हुआ है।
MP News: ट्रेड डील अमेरिका के किसानों के हित में- कांग्रेस
मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायकों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखौटे पहनकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस दौरान कहा कि अमेरिका से हुई ट्रेड डील अमेरिका के किसानों के हित में है, जबकि भारत के किसानों को इससे काफी नुकसान होगा। यही कारण है कि हम लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कल राहुल गांधी भी भोपाल पहुंचेंगे। किसानों के हित की लड़ाई पूरे देश में लड़ी जाएगी और इसमें हमारे शीर्ष नेता भी शामिल होंगे।
MP Assembly Budget Session: अमेरिका भारत ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
MP News: बजट सत्र से पहले चर्चा में रहे ये बयान
बता दें बजट सत्र से पूर्व कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने सदन में VB-G RAM G के नाम बदलने का विषय रखा था। प्रश्नकाल के दौरान विधायक भंवर सिंह शेखावत ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि आज कैलाश जी बदले-बदले नजर आ रहे हैं। वहीं, विजयवर्गीय ने कहा किसी की बर्बादी के आसार नहीं हैं। होली का त्योहार आ रहा है। सभी को खुश रहना चाहिए।MP Assembly Session Live: विधानसभा बजट सत्र का छठा दिन आज, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस का प्रदर्शन
मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का छठा दिन आज काफी अहम रहने वाला है। सदन में अनुपूरक बजट पर मतदान कराया जाएगा, वहीं ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत कई जनहित के मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है।
विपक्ष की ओर से हालिया ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा जोर-शोर से उठाए जाने की संभावना है। साथ ही गांधी मेडिकल कॉलेज की एक छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला भी सदन में गूंज सकता है। इस मुद्दे पर जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है।
कांग्रेस-भाजपा टकराव पर हंगामे के आसार
हाल ही में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए टकराव और पत्थराव की घटना को लेकर भी विधानसभा में हंगामे के आसार हैं। विपक्ष इस मामले में सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा सकता है, जबकि सत्ता पक्ष पलटवार की रणनीति के साथ मैदान में रहेगा।