03:07 PM, 07-Apr-2026
ईरानी हमलों में इस्राइल के रामत हाशरॉन में कारों और बुनियादी ढांचों को नुकसान
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के मिसाइल हमले से इस्राइल के रामत हाशरॉन में कारों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
02:29 PM, 07-Apr-2026
1.4 करोड़ ईरानी अपनी जान कुर्बान करने को तैयार : राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की समझौते न करने पर भीषण हमलों की धमकियों के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा कि 1.4 करोड़ ईरानी स्वेच्छा से अपनी जान कुर्बान करने को तैयार हैं। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से पहले ईरान के युवा मंत्रालय ने युवाओं, कलाकारों और अन्य लोगों से अपील की थी कि वह अमेरिका-इस्राइल के संभावित हमलों से पहले ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर मानव शृंखला बनाने का आह्वान किया था। इसके बाद ईरान के ऊर्जा ठिकानों के पास काफी लोगों के इकट्ठा होने की खबरें सामने आई हैं।
02:25 PM, 07-Apr-2026
रातभर और ताजा अमेरकी-इस्राइली हमलों में 30 से ज्यादा की मौत
ईरानी मीडिया ने बताया कि देश में रात भर चले अमेरिकी-इस्राइली हमलों में 15 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। वहीं, ईरान के अल्बोर्ज प्रांत पर मंगलवार को हुएअमेरिकी-इस्राअली हमले में मारे गए 18 लोगों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
12:57 PM, 07-Apr-2026
लेबनान के नबातीह पर इस्राइली हमलों में दो लोगों की मौत
दक्षिणी लेबनान के नबातीह प्रांत में इस्राइली हमलों में दो लोगों के मारे जाने की खबर है। राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने बताया कि दीर जहरानी कस्बे में ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, जिबदीन कस्बे में तड़के एक और व्यक्ति की मौत हो गई। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक ऐन काना और अरब सलीम में भी इस्राइली हवाई हमले और नबातीह अल-फौका में ड्रोन हमले की खबरें सामने आई हैं।
12:55 PM, 07-Apr-2026
सऊदी अरब को बहरीन से जोड़ने वाला पुल फिर से खुला
सऊदी अरब को बहरीन से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण पुल किंग फहद कॉजवे ईरानी हमलों के खतरे के मद्देनजर मंगलवार को सुबह बंद कर दिया गया था। हालांकि, अब इसे फिर से खोल दिया गया है। सुबह इसे बंद किए जाने के दौरान कहा गया था कि सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत को निशाना बनाकर किए गए ईरानी हमलों के मद्देनजर एहतियाती उपाय के तौर पर वाहनों की आवाजाही निलंबित कर दी गई है। 25 किलोमीटर (15.5 मील) लंबा यह पुल बहरीन को, जो अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का ठिकाना है, अरब प्रायद्वीप से सड़क मार्ग से जोड़ने वाला एकमात्र मार्ग है।
11:18 AM, 07-Apr-2026
'ट्रेन यात्रा से बचें', इस्राइल की ईरानियों को चेतावनी
एपी की रिपोर्ट के अनुसार इस्राइली सेना ने फारसी भाषा में ईरानियों को चेतावनी जारी की है कि वे स्थानीय समयानुसार कम से कम रात 9 बजे तक ट्रेनों में यात्रा करने से बचें।
10:25 AM, 07-Apr-2026
मोजतबा खामेनेई की सेहत पर संशय बरकरार
अमेरिका और इस्राइल के हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान के नए सर्वोच्च नेता चुने गए मोजतबा खामेनेई की सेहत पर संशय बरकरार है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बमबारी में वे गंभीर रूप से घायल हुए, जिसके बाद उनके कई अंगों को नुकसान पहुंचा। कुछ खबरों में मोजतबा के कोमा में होने और यहां तक की एक पैर काटने की नौबत आने की बात भी सामने आई। हालांकि, ईरान की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। युद्ध के 39वें दिन आई कुछ और रिपोर्ट्स में ये दावा किया गया है कि उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। संघर्षविराम और युद्ध को लेकर मोजतबा किसी तरह की प्रतिक्रिया देने की स्थिति में नहीं है। यहां तक कि उनके सटीक ठिकाने का भी पता लगाया जा चुका है।
09:25 AM, 07-Apr-2026
ट्रंप की डेडलाइन से पहले ईरान ने अपनाई मानव शृंखला बनाने की योजना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की समयसीमा नजदीक आने से पहले ईरान ने बड़ी योजना बनाई है। तेहरान ने कथित तौर पर युवा ईरानियों से ईरान के प्रमुख बिजली संयंत्रों के चारों ओर प्रतीकात्मक मानव शृंखला बनाने का आह्वान किया है। ईरान के खेल और युवा मंत्रालय ने एथलीटों, कलाकारों और छात्रों सहित देश के युवाओं से मंगलवार को दोपहर दो बजे (स्थानीय समय) से इन स्थलों के आसपास इकट्ठा होने का आह्वान किया है। ईरान के युवा मामलों के उप मंत्री अलीरेजा रहीमी ने एक वीडियो संदेश में कहा, "कई विश्वविद्यालय के युवाओं, युवा कलाकारों और युवा संगठनों ने प्रस्ताव दिया कि हम देश के बिजली संयंत्रों के चारों ओर एक मानव घेरा या मानव शृंखला बनाएं।"
08:53 AM, 07-Apr-2026
न्यूजीलैंड बोला- ईरानी बुनियादी ढांचे के खिलाफ अमेरिकी धमकियां 'निरर्थक'
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने ईरानी नागरिक अवसंरचना के खिलाफ ट्रंप की हालिया धमकियों को निरर्थक बताया है। उन्होंने कहा कि यह मददगार नहीं है, क्योंकि और अधिक सैन्य कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मूल बात यह है कि इस संघर्ष को और अधिक फैलने से रोकने पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है।" उन्होंने कहा कि इस सप्ताह वॉशिंगटन में होने वाली बैठक में न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स का अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को संदेश होगा कि संघर्ष को कम किया जाए।
08:51 AM, 07-Apr-2026
ईरान ने जनवरी से हिरासत में लिए गए जापानी नागरिक को किया रिहा
जापान ने मंगलवार को कहा कि जनवरी से ईरान में हिरासत में लिए गए एक जापानी नागरिक को रिहा कर दिया गया है। मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने पत्रकारों को बताया कि उनकी रिहाई की पुष्टि सोमवार को हुई थी। जिस व्यक्ति को रिहा किया गया है, वह जापान के एनएचके सार्वजनिक टेलीविजन में पत्रकार बताया जा रहा है। किहारा ने कहा कि व्यक्ति स्वस्थ है, लेकिन उन्होंने आगे कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।