माल। मलिहाबाद विकास खंड की ग्राम पंचायत थावर के पंचायत भवन में लगे तीन दिवसीय विशेष आधार शिविर का सोमवार को समापन हो गया। बारिश के बावजूद आधार कार्ड में संशोधन कराने और नया आधार बनवाने के लिए आवेदक शिविर में पहुंचे। अंतिम दिन 11 लोगों के आधार से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया। मंगलवार से इटौंजा के महिगवां में तीन दिवसीय विशेष आधार शिविर लगाया जाएगा।
डाक विभाग की ओर से एक से 31 अगस्त तक लखनऊ, सीतापुर, रायबरेली, अयोध्या और बाराबंकी में अलग-अलग स्थानों पर विशेष आधार शिविर लगाए जा रहे हैं। लखनऊ में 13 से 17 अगस्त तक थावर के पंचायत भवन में शिविर आयोजित किया गया। शिविर के पहले दिन अव्यवस्थाओं के चलते कई आवेदकों के आवेदन फॉर्म गुम हो गए थे। हालांकि, दूसरे दिन व्यवस्था में सुधार हुआ और 25 आवेदकों के आधार में संशोधन समेत अन्य कार्य किए गए। आधार का काम कर रहे जीडीएस कर्मी अभिषेक ने बताया कि तीन दिनों में 55 आवेदकों के आधार से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया। इनमें नए आधार बनवाने वाले आवेदक भी शामिल हैं।