अखिलेश का बड़ा आरोप: अफसरों पर बनाया जा रहा है अल्पसंख्यक वोट काटने का दबाव, भाजपा का झंडा लगा ले चुनाव आयोग
Akhilesh Yadav: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि एसआईआर में अल्पसंख्यक वोट काटने का दबाव बनाया जा रहा है।
विस्तार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा फॉर्म 7 के माध्यम से पीडीए विशेष रूप से अल्पसंख्यकों का वोट कटवाने की साजिश कर रही है। यह मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धांधली की तैयारी है। कहा, पार्टी ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायतें दी हैं लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पार्टी मुख्यालय में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि शासन में तैनात एक आईएएस अधिकारी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों को फोन कर सपा समर्थक पीडीए खासकर अल्पसंख्यकों का वोट काटने का दबाव बना रहे हैं। अगर चुनाव आयोग धांधली नहीं रोक सकता और दोषियों पर कार्रवाई नहीं कर सकता है तो उसे अपनी बिल्डिंग पर भाजपा का झंडा लगा लेना चाहिए।
उन्होंने आयोग से धांधली रोकने की मांग करते हुए डाउन लोडेड फॉर्म के सत्यापन की व्यवस्था की मांग उठाई। कहा, हर फॉर्म पर नंबरिंग हो और कागजी फॉर्म 7 पर भारत निर्वाचन आयोग का होलोग्राम हो। अब तक जमा फॉर्म 7 के हस्ताक्षरों की न्यायिक जांच की भी उन्होंने मांग उठाई। कहा, फॉर्म 7 जमा करते समय की सीसीटीवी फुटेज निकाली जाए और जो भी आरोपी हो उस पर एफआईआर दर्ज कर राज्य के खिलाफ साजिश करने और 420 का मुकदमा चलाया जाए। कहा, पेन ड्राइव के जरिये टारगेट कर विधान सभाओं में वोट काटने की सूची भेजी जा रही है।
अमेरिका के लिए दरवाजे खोलना किसानों के साथ धोखा
अखिलेश ने कहा कि भारत के बाजार को अमेरिकी कृषि उत्पादों व खाद्यान्नों के लिए खोलना किसानों के साथ धोखा है। भाजपाई और उनके संगी-साथी आजादी से पहले भी विदेशियों के एजेंट और आज भी हैं। आत्मनिर्भरता और स्वदेशी की बात करने वाले भाजपाई जनता को बताएं कि उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था के साथ धोखा करने के लिए कितना कमीशन खाया है। कहा, इससे धीरे-धीरे हमारे किसानों की खेतीबाड़ी और आय कम होगी और वो मजबूर होकर अपनी जमीन अमीरों व कॉर्पोरेट घरानों को बेचने को मजबूर हो जाएंगे।
