सीएम योगी बोले: कांग्रेस घुसपैठ व दंगा कराती थी, भाजपा निकाल बाहर करती है; यूपी में सड़कों पर नमाज नहीं होती
असम में जनसभा के दौरान सीएम योगी ने कांग्रेस और यूडीएफ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने घुसपैठ, जनसंख्या बदलाव और सांस्कृतिक संरक्षण का मुद्दा उठाया। भाजपा सरकार को विकास और सुरक्षा के लिए जरूरी बताया तथा असम में दोबारा समर्थन की अपील की।
विस्तार
असम में भाजपा के पक्ष में प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा घुसपैठ व दंगा कराने का काम किया, लेकिन भाजपा ऐसा करने वालों को निकाल बाहर करती है। पहले नौजवानों के हक पर घुसपैठिए काबिज होते थे, असम के लोगों का राशन डकार जाते थे, लेकिन अब सरकार असम के हर नागरिक को उसका हक दिलाने की गारंटी ले रही है।
शुक्रवार को बरछला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ऋतु बरन सरमा के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस व यूडीएफ के अघोषित समझौते के कारण असमिया जाति, माटी व बेटी के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ।
उन्होंने तुष्टिकरण की नीति पर चलकर असमिया पहचान को समाप्त करने का प्रयास किया। असम के नागरिकों, बहनों के हक पर घुसपैठियों के जरिये डकैती डलवाई। जब पीएम मोदी के नेतृत्व में दिल्ली और असम में पहले सर्वानंद सोनोवाल, फिर हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी तो असम चाय के साथ अब चिप उत्पादन का नया केंद्र भी बन गया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार असमिया संगीत-संस्कृति, महापुरुषों, महानायकों और योद्धाओं को सम्मान दे रही है। असम के लोगों को राशन, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्कीम के तहत हर गरीब को पांच लाख रुपये की स्वास्थ्य सुविधा, प्रधानमंत्री आवास, नौजवानों को रोजगार-नौकरी मिल रही है। चाय बागान में काम करने वाली बहनों, कारीगरों, नौजवानों के लिए स्पेशल पैकेज की व्यवस्था है।
योगी ने कहा कि असम के लोगों का संरक्षण होगा और एक-एक घुसपैठिए को निकाल बाहर करेंगे। उत्तर प्रदेश में पहले हर दूसरे-तीसरे दिन दंगा व कर्फ्यू लगता था। वहां नौ वर्ष में न कर्फ्यू, न दंगा है, सब चंगा है। 500 वर्ष में जो काम नहीं हो पाया, वह काम भी अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण के रूप में हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में उग्रवाद, नक्सलवाद, अलगाववाद नहीं है, वहां सड़कों पर नमाज भी नहीं पढ़ी जाती है। सरकार लव जेहाद, लैंड जेहाद का सफाया करने को संकल्पित है।
आरोप लगाया कि कांग्रेस व यूडीएफ को देश की कीमत पर वोट चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 साल में पूर्वोत्तर भारत की 78 और असम की 36 यात्राएं की हैं, तब शांति, सुरक्षा व सुशासन का माहौल तैयार हुआ है।
60 वर्ष में कांग्रेस उचित कनेक्टिविटी नहीं दे पाई, लेकिन आज पूर्वोत्तर के हर राज्य तक रोड, रेलवे, एयर व इनलैंड वाटरवे की कनेक्टिविटी है। पहले मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज नहीं थे, लेकिन डबल इंजन सरकार ने एम्स, आईआईएम, आईआईटी, एनआईटी दिया है।
योगी की झलक पाने के लिए पेड़ों पर चढ़े युवा
असम में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जादू चला। बरछला जनसभा में सीएम योगी को देखने व सुनने के लिए जबरदस्त भीड़ उमड़ी। खासतौर पर युवा पेड़ों व वाहनों पर चढ़कर योगी आदित्यनाथ की एक झलक पाने का प्रयास करते रहे।
इस दौरान ‘बुलडोजर बाबा की जय’ नारे भी लगे। जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को असमिया टोपी (जापी) व असमिया ढोल भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने यह टोपी पहन कर असमिया ढोल बजाने का भी आनंद लिया।