लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे: हर दिन मिल रही कोई न कोई खामी, अब 30 मीटर धंसा फुटपाथ; आज आ सकती है आईआईटी की रिपोर्ट
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर हर दिन कोई न कोई खामी मिल रही है। अब 30 मीटर फुटपाथ धंस गया। इसकी मरम्मत कराई गई है। वहीं, आज आईआईटी की जांच रिपोर्ट आ सकती है। आगे उसके आधार पर काम होगा। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर हर दिन कोई न कोई खामी सामने आ रही है। बृहस्पतिवार को लखनऊ से कानपुर जाने वाली लेन पर किलोमीटर संख्या 48 पर तौरा गांव के पास करीब 30 मीटर सड़क का फुटपाथ धंस गया। निर्माण एजेंसी ने इसकी मरम्मत कराई।
सड़क पर जलभराव से निजात के लिए कार्यदायी संस्था पीएनसी डिवाइडर के कंक्रीट के बोल्डरों में छेद करा रही है। एनएचएआई पीडी नवरतन ने बताया कि एलिवेटेड हिस्से में भी दो जगह कमी मिली है। रोज करीब 15 हजार वाहन निकल रहे हैं। आईआईटी की जांच रिपोर्ट के सुझावों पर काम कराए जाएंगे। इसी महीने रिपोर्ट आने की उम्मीद है।
आज सौंपी जा सकती है जांच की रिपोर्ट
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के ग्रीनफील्ड की सड़क धंसने की तकनीकी जांच आईआईटी खडगपुर के प्रो. केएस रेड्डी की टीम ने की थी। इसकी रिपोर्ट एनएचएआई मुख्यालय को शुक्रवार को सौंपी जा सकती है।
27-28 को खुलेगी एलिवेटेड रोड
उधर, सरोजनीनगर में एलिवेटेड एक्सप्रेसवे की छत से पानी का रिसाव बंद हो गया है। कानपुर से लखनऊ आने पर एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड की लेन अब 27 या 28 सितंबर को खोली जाएगी।
एक्सप्रेसवे के डिवाइडर में पड़ी दरार
कानपुर एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर किमी संख्या 14 पर बने डिवाइडर पर मामूली दरार आ गई है। हालांकि उस दरार को भरने का काम निर्माण एजेंसी ने शुरू कर दिया है। एलिवेटेड सेक्शन का मरम्मत कार्य हो चुका है। डामरीकरण दुरुस्त होने में दो से तीन दिन लगेंगे। वहीं एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नवरत्न का कहना है कि दरार मामूली है, उसे ठीक करवाया जा रहा है।