{"_id":"6aa2524a39fee0367d094e37","slug":"groundbreaking-ceremony-for-crown-packaging-first-indian-plant-worth-2-078-crore-was-held-in-unnao-2026-09-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी में निवेश का नया अध्याय: उन्नाव में 2078 करोड़ का इन्वेस्ट, ग्लोबल कंपनी ने रखा पहले प्लांट का नींव पत्थर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी में निवेश का नया अध्याय: उन्नाव में 2078 करोड़ का इन्वेस्ट, ग्लोबल कंपनी ने रखा पहले प्लांट का नींव पत्थर
Thu, 10 Sep 2026 12:18 PM IST
Bhupendra Singh
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: Bhupendra Singh
Updated Thu, 10 Sep 2026 12:18 PM IST
सार
उन्नाव में 2078 करोड़ से क्राउन पैकेजिंग के पहले भारतीय प्लांट का भूमि पूजन किया गया। इस प्लांट में 1500 से अधिक रोजगार मिलेंगे। पैकेजिंग को भी मजबूती मिलेगी। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
उन्नाव में 2078 करोड़ का इन्वेस्ट
- फोटो : विभाग।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश सरकार की एफडीआई नीति-2023 के तहत ग्लोबल पैकेजिंग कंपनी क्राउन होल्डिंग्स की भारतीय इकाई क्राउन पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के पहले विनिर्माण संयंत्र का बुधवार को उन्नाव में भूमिपूजन हुआ। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी मुख्य अतिथि रहे। करीब 2078.44 करोड़ रुपये के निवेश से यह ग्रीनफील्ड एल्युमिनियम बेवरेज कैन संयंत्र उन्नाव के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में लगभग 40 एकड़ में स्थापित होगा।
विज्ञापन
परियोजना की प्रारंभिक स्थापित क्षमता 116.2 करोड़ कैन सालाना होगी, जिसे बढ़ाकर 178.6 करोड़ कैन किया जा सकेगा। पहले वर्ष में करीब 67 करोड़ कैन उत्पादन का अनुमान है, जबकि परियोजना की कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 2.2 अरब बेवरेज कैन बताई गई है। संयंत्र देश के तेजी से बढ़ते पेय पदार्थ उद्योग की मांग पूरी करने में मदद करेगा।
विज्ञापन
परियोजना से 200 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और 1500 से अधिक को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। लॉजिस्टिक्स, वेयर हाउसिंग, परिवहन, रखरखाव और स्थानीय आपूर्तिकर्ता नेटवर्क में भी रोजगार व कारोबारी अवसर बढ़ेंगे। नंदी ने कहा कि क्राउन होल्डिंग्स जैसी वैश्विक कंपनी का उत्तर प्रदेश में निवेश राज्य के बदले औद्योगिक परिवेश का प्रमाण है।
विज्ञापन
क्राउन पैकेजिंग इंडिया का गठन मार्च 2026 में हुआ और यह क्राउन होल्डिंग्स की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। इसका पंजीकृत कार्यालय लखनऊ में है। परियोजना का मूल्यांकन एफडीआई, फॉर्च्यून ग्लोबल 500 एवं फॉर्च्यून इंडिया 500 कंपनियों के लिए निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 के तहत हुआ है।
समारोह में आईआईडीसी दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह और इन्वेस्ट यूपी के एसीईओ शशांक चौधरी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।