UP News: 'स्वदेशी तकनीक से संचार क्रांति की ओर अग्रसर भारत', केशव मौर्य बोले-टेलीकाम में स्थापित होंगे नए आयाम
राजधानी में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बीएसएनएल के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में बीएसएनएल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। चुनौतियों का डटकर सामना करके दूरसंचार क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को बीएसएनएल अधिकारी संघ की सेंट्रल एक्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक भूतनाथ टेलीफोन एक्सचेंज के सभागार में हुई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए। उन्होंने 'बीएसएनएल-स्वदेशी तकनीक: अवसर और चुनौतियां' विषय पर अपनी बात रखी।
इस मौके पर केशव मौर्य ने कहा कि आज भारत ‘मेक इन इंडिया’ के तहत स्वदेशी तकनीक आधारित संचार क्रांति की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। बीएसएनएल के प्रति लोगों का विश्वास एवं रुझान लगातार बढ़ रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। बीएसएनएल के साथ उनकी पुरानी यादें जुड़ी हैं। सांसद रहते हुए वे दूरसंचार की एक समिति से भी जुड़े रहे हैं।
दूरसंचार क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने होंगे
केशव मौर्य ने आगे कहा कि भारत परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में लंबी छलांग लगा रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में बीएसएनएल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। हमें हर कार्य राष्ट्रहित में करना चाहिए। दूरसंचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने होंगे। सस्ती, गुणवत्तापूर्ण एवं सर्वसुलभ सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बीएसएनएल से न केवल विदेशी निर्भरता कम होगी, बल्कि देश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। स्थानीय उद्योगों एवं स्टार्टअप्स को बढ़ावा मिलेगा। डेटा और साइबर सुरक्षा भी सुदृढ़ होगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि स्वदेशी तकनीक को वैश्विक मानकों पर खरा उतारना, अनुसंधान एवं विकास में निरंतर निवेश करना तथा नवाचार को बढ़ावा देना आवश्यक है। इन चुनौतियों का समाधान प्रभावी रणनीति और सतत प्रयासों से संभव है।
इस मौके पर ये लोग मौजूद रहे
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बृजलाल भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संचार निगम एग्जीक्यूटिव एसोसिएशन ने डिप्टी सीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा। कार्यक्रम में भारत संचार निगम के वरिष्ठ अधिकारी व संचार निगम एग्जीक्यूटिव एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।