लखनऊ: फैजुल्लागंज में 150 घरों पर मंडरा रहा 11 हजार वोल्ट का खतरा, चीनी मांझे से झुलसा था छह साल का बच्चा
लखनऊ के फैजुल्लागंज में 11 हजार वोल्ट की हाइटेंशन लाइन के करीब बने करीब 150 घरों पर दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है। चीनी मांझे से करंट लगने पर छह वर्षीय बच्चा झुलस गया। बिजली विभाग पहले 65 लोगों को नोटिस दे चुका है। जवाब नहीं मिलने पर अब रिमाइंडर भेजने की तैयारी है।
विस्तार
राजधानी के नव विकसित इलाके फैजुल्लागंज में करीब 150 घरों पर 11 हजार वोल्ट की हाइटेंशन लाइन का खतरा मंडरा रहा है। बिजली के खंभों और तारों के बेहद करीब बने इन घरों में रहने वाले परिवारों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बीते सोमवार को छह साल का रुद्र राय चीनी मांझे की चपेट में आकर झुलस गया। घटना के बाद बिजली विभाग की ओर से जारी किए गए नोटिस और अवैध निर्माण का मामला फिर चर्चा में है।
दरअसल, 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के तारों में चीनी मांझे वाली पतंग फंस गई थी। पतंग का धातुयुक्त मांझा पड़ोस के मकान की छत पर पड़ा था। रुद्र ने जैसे ही उसे पकड़ा, उसे करंट लग गया। इससे वह झुलसकर घायल हो गया। इस घटना ने हाइटेंशन लाइन के आसपास बने मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नोटिस के दो-तीन महीने बाद भी नहीं हटे निर्माण
दाउदनगर और फैजुल्लागंज उपकेंद्रों से निकलने वाली 11 हजार वोल्ट की लाइनों के आसपास करीब 150 परिवारों ने मकान बना रखे हैं। आरोप है कि कुछ मकान सरकारी जमीन पर भी बनाए गए हैं, जहां कथित तौर पर प्लॉटिंग कर जमीन बेची गई। बिजली विभाग के अनुसार, हाइटेंशन लाइन और खंभों के नजदीक निर्माण होने से लोगों की जान को खतरा है।
उपखंड अधिकारी अमन तिवारी की ओर से संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। दो से तीन महीने बीतने के बाद भी न तो नोटिस का जवाब दिया गया और न ही लाइन के आसपास बने निर्माण हटाए गए। बिजली विभाग ने अवैध निर्माण के संबंध में मड़ियांव थाने को रिपोर्ट भी भेजी है।
नौ लोगों को नोटिस का रिमाइंडर
बिजली विभाग अब नोटिस का जवाब नहीं देने वाले लोगों को रिमाइंडर भेजने की तैयारी कर रहा है। इनमें रहीमनगर डुडौली निवासी सिराज अहमद, कंचन सिंह, लल्लन और नरेंद्र शर्मा; सिया विहार निवासी रोशन शर्मा; प्रीतिनगर निवासी सियाराम; नौबस्ता के गायत्रीनगर पुलिया निवासी बलराम; गौरभीट निवासी छोटेलाल और गायत्रीनगर निवासी उर्मिला पांडेय शामिल हैं। विभाग के मुताबिक, अगस्त से सितंबर के बीच पहले ही 65 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
दुर्घटना की आशंका को लेकर पुलिस को रिपोर्ट
महानगर के अधिशासी अभियंता पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि फैजुल्लागंज और दाउदनगर उपकेंद्रों के तहत बिजली के खंभों और हाइटेंशन लाइन से सटाकर मकान बनाने वाले लोगों को नोटिस का रिमाइंडर भेजा जा रहा है। इस संबंध में मड़ियांव थाने को भी रिपोर्ट भेजी गई है। रिपोर्ट में ऐसे घरों में रहने वाले लोगों के साथ दुर्घटना होने की आशंका जताई गई है।