लखनऊ : दुबग्गा में परचून की दुकान और गोदाम में भीषण आग, 20 लाख तक का सामान राख
दुबग्गा में परचून की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से हड़कंप मच गया। दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर डेढ़ घंटे में काबू पाया।
विस्तार
लखनऊ के दुबग्गा के हरदोई रोड स्थित यादव बाजार में बृहस्पतिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से परचून की दुकान और गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा आटा, मैदा, दाल, चीनी, तेल, दोना-पत्तल समेत करीब 15 से 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यादव बाजार में स्थित दो मंजिला मकान के निचले हिस्से में परचून की दुकान है। मकान के नीचे और ऊपरी हिस्से में सामान रखने के लिए गोदाम बनाया गया है। इसमें मनीष गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते हैं। भैया दूज के पर्व पर मनीष पत्नी के साथ ससुराल गए हुए थे। उनके छोटे भाई मिलन और परिवार के अन्य सदस्य पास ही फुलेश्वर मंदिर के निकट रहते हैं।
सुबह करीब आठ बजे मकान में आग लगने की जानकारी पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते आग ने दुकान और गोदाम में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुकान में रखा कुछ सामान बाहर निकाल लिया, लेकिन गोदाम में रखा अधिकांश सामान आग में जलकर नष्ट हो गया।
इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के अनुसार सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। पीड़ित परिवार के मुताबिक आग से करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.