Lucknow: बीटेक छात्रा फ्लैट में लटकी मिली, कुछ दिन पहले तय हुई थी शादी; सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर हत्या का शक
लखनऊ के बिजनौर क्षेत्र में बीटेक छात्रा वैष्णवी यादव फ्लैट में फंदे से लटकी मिलीं। परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए पास में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर से पूछताछ की मांग की है। पुलिस प्रारंभिक जांच में शादी तय होने से तनाव की बात मान रही है। मामले की जांच जारी है।
विस्तार
बिजनौर के सीमा सिटी में रविवार दोपहर अपार्टमेंट के फ्लैट में बीटेक अंतिम वर्ष की छात्रा वैष्णवी यादव(25) का शव फंदे से लटका मिला। वैष्णवी के पिता अयोध्या के रोनही कैटरोली निवासी अमर बहादुर ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए सॉफ्टवेयर इंजीनियर से पूछताछ की मांग की है।
इंस्पेक्टर कपिल गौतम के मुताबिक चार साल से वैष्णवी फ्लैट में किराये पर रह रही थीं। पास में सॉफ्टवेयर इंजीनियर रहता है। रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे इंजीनियर ने कुछ काम के लिए वैष्णवी को कॉल की थी। मगर फोन रिसीव नहीं होने पर वह खुद उनके फ्लैट में पहुंच गया।
यहा उसे वैष्णवी कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली। आनन-फानन इंजीनियर ने शव नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद छात्र के मोबाइल से उनके पिता अमर को घटना की जानकारी दी।
शादी तय होने के कारण दी जान
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वैष्णवी की शादी तय हो गई। इसके लिए वह तैयार नहीं थीं। आशंका है कि इसलिए उन्होंने खुदकुशी कर ली। फिलहाल अभी तक घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शिकायत मिली तो साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बेटी ने परीक्षा खत्म होने पर कही थी घर आने की बात
पिता का कहना है कि शनिवार रात वैष्णवी की मां आशा देवी से बात हुई थी। बेटी ने कहा था कि परीक्षा में उसका बैक पेपर लगा है। पेपर खत्म होने पर बेटी ने घर आने को कहा था। पिता ने पुलिस से सॉफ्टवेयर इंजीनियर से पूछताछ करने की मांग की है। उनका कहना है कि इंजीनियर ने पुलिस को पहले सूचना दिए बिना ही क्यों बेटी का शव नीचे उतार दिया ? उसे इस बात का कैसे पता चला कि बेटी ने फंदा लगा लिया है?

कमेंट
कमेंट X